menu-icon
India Daily

कैंची धाम मेला: आधी रात को भी नहीं बंद होंगी दुकानें, श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा बाजार

कैंची धाम मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी राहत की खबर है. नैनीताल पुलिस ने विशेष व्यवस्था करते हुए 11 से 16 जून तक यात्रा मार्गों पर स्थित दुकानों को आधी रात तक खुला रखने की अनुमति दे दी है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
कैंची धाम मेला: आधी रात को भी नहीं बंद होंगी दुकानें, श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा बाजार
Courtesy: Pinterest

कैंची धाम: नैनीताल जिले में कैंची धाम मेला इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ खींच रहा है. ग्रीष्मावकाश के साथ पर्यटन सीजन की चहल पहल ने पूरे क्षेत्र को गुलजार कर दिया है. ऐसे में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है. अब कैंची धाम जाने वाले मार्गों पर दुकानें रात के 12 बजे तक खुली रहेंगी. यह व्यवस्था न सिर्फ श्रद्धालुओं बल्कि पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी.

पुलिस प्रशासन की संवेदनशील पहल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं. 11 जून से 16 जून तक कैंची धाम मेला और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों को देर रात तक संचालित करने की छूट दी गई है.

इन इलाकों में लागू होगी नई व्यवस्था

यह सुविधा नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर, हल्द्वानी और काठगोदाम के यात्रा मार्गों पर स्थित दुकानों पर लागू होगी. भक्तों को भोजन, दवाइयां, पानी और अन्य आवश्यक वस्तुएँ आसानी से उपलब्ध रहेंगी.

सुरक्षा के साथ सुविधा पर जोर

पुलिस ने साफ कहा है कि देर रात तक खुले बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी. यातायात नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए जनसुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी.

श्रद्धालुओं का होगा सुगम सफर

मेला और पर्यटन सीजन में बढ़ी आवाजाही को देखते हुए प्रशासन का यह कदम काफी सराहनीय माना जा रहा है. अब रात में भी जरूरत पड़ने पर लोग आसानी से सामान खरीद सकेंगे.

व्यापारियों को भी मिलेगा सहयोग

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए. साथ ही कोई अव्यवस्था न हो, इसके लिए सतर्क निगरानी रखी जाएगी.

सभी के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक मेला

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य हर श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव प्रदान करना है. कैंची धाम मेला अब और अधिक व्यवस्थित रूप से मनाया जा सकेगा.