कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 को लेकर उत्तराखंड प्रशासन पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है. पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लगभग अंतिम रूप दे दिया है. बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगांई की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया. जिलाधिकारी ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल 6 जुलाई 2026 को पिथौरागढ़ पहुंचेगा. इस वर्ष यात्रा के लिए कुल 10 दल प्रस्तावित किए गए हैं. प्रत्येक दल में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे. इस तरह कुल 500 श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा में भाग लेंगे. यात्रियों के आवागमन के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से 12 वाहनों की व्यवस्था की जाएगी.
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही यात्रियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा श्रद्धालुओं को न हो.
यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. विशेष रूप से फिजिशियन चिकित्सकों की उपलब्धता पर जोर दिया गया. इसके अलावा एम्बुलेंस, दवाइयों, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और बेस हॉस्पिटल स्तर की सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके.
बैठक के दौरान भारतीय सेना और सीमा सड़क संगठन से यात्रा मार्ग की स्थिति की जानकारी ली गई. जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन भूस्खलन प्रभावित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी. सीमा सड़क संगठन को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए मशीनरी और मानव संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें. यदि कहीं मलबा आने या सड़क बाधित होने की स्थिति बनती है तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी तरह तैयार रहना होगा. पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने भी बताया कि पुलिस विभाग यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अन्य विभागों के साथ मिलकर पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है. कैलाश मानसरोवर यात्रा हिंदू श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत आस्था का विषय है. ऐसे में प्रशासन की ओर से की गई व्यापक तैयारियां यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.