अगर आपके घर में इंडेन गैस (Indane LPG) का कनेक्शन है और आपने अब तक e-KYC नहीं कराई है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. गैस एजेंसियों ने ऐसे उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर e-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो उनका गैस कनेक्शन बंद किया जा सकता है.
गैस एजेंसियों ने इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया है. इसके बाद विशेष अभियान चलाकर उन उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने अब तक e-KYC पूरी नहीं कराई है.
कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के अंतर्गत संचालित सरस मार्केट, हल्द्वानी स्थित इंडेन गैस एजेंसी के अनुसार, करीब 30 प्रतिशत उपभोक्ताओं की e-KYC अभी तक पूरी नहीं हुई है. वहीं, शीशमहल स्थित काठगोदाम इंडेन गैस एजेंसी में भी लगभग 17 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है. एजेंसियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि समय रहते सभी लोग अपनी e-KYC पूरी करा सकें.
इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक भरत सिंह खाती ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द e-KYC करा लें. उन्होंने बताया कि एक सप्ताह बाद विशेष अभियान चलाया जाएगा. यदि इसके बाद भी किसी उपभोक्ता की e-KYC लंबित पाई जाती है, तो उसके गैस कनेक्शन पर कार्रवाई की जा सकती है. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अपडेट रखने और गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए जरूरी है.
इंडेन गैस उपभोक्ताओं के लिए e-KYC कराने के कई विकल्प उपलब्ध हैं.
e-KYC के माध्यम से गैस उपभोक्ताओं की पहचान और विवरण का सत्यापन किया जाता है. इससे फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाने, सही लाभार्थियों तक एलपीजी सेवा पहुंचाने और सरकारी रिकॉर्ड को अपडेट रखने में मदद मिलती है. इसी वजह से गैस एजेंसियां समय-समय पर उपभोक्ताओं से e-KYC पूरी कराने की अपील करती हैं.