menu-icon
India Daily

'कर्ली बालों वाली को ऑडियंस एक्सेप्ट करेगी?', साई पल्लवी का सीता बनना दीपिका चिखलिया को नहीं आया रास?

रामानंद सागर की 'रामायण' में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने नितेश तिवारी की 'रामायण' में साई पल्लवी के सीता बनने पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि साई शानदार अभिनेत्री हैं, लेकिन दर्शक उन्हें इस किरदार में कितना स्वीकार करेंगे, यह फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा.

babli
Edited By: Babli Rautela
'कर्ली बालों वाली को ऑडियंस एक्सेप्ट करेगी?', साई पल्लवी का सीता बनना दीपिका चिखलिया को नहीं आया रास?
Courtesy: AI

मुंबई: रणबीर कपूर स्टारर और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' लगातार चर्चा में बनी हुई है. फिल्म के ट्रेलर का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं. इसी बीच रामानंद सागर की मशहूर टीवी 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभाने वालीं दीपिका चिखलिया ने फिल्म में साई पल्लवी के सीता बनने पर खुलकर अपनी राय रखी है.

दीपिका ने साई पल्लवी की अभिनय क्षमता की तारीफ की, लेकिन साथ ही कहा कि किसी भी कलाकार को उसके किरदार में तभी परखा जा सकता है जब वह पर्दे पर दिखाई दे. उन्होंने यह भी कहा कि दर्शक नए कलाकारों को किस तरह स्वीकार करेंगे, यह रिलीज के बाद ही पता चलेगा.

साई पल्लवी को लेकर क्या बोलीं दीपिका?

मीडिया के साथ अपने एक इंटरव्यू में दीपिका चिखलिया ने कहा कि उन्होंने साई पल्लवी का काम देखा है और वह बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि सीता जैसे प्रतिष्ठित किरदार में वह कैसी लगेंगी, इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. दीपिका ने कहा कि दर्शक फिल्म देखने के बाद ही तय करेंगे कि साई पल्लवी इस भूमिका में कितनी प्रभावशाली साबित हुई हैं.

सीता के स्वरूप पर भी रखी राय

दीपिका चिखलिया ने बताया कि जब रामानंद सागर अपनी 'रामायण' के लिए कलाकारों का चयन कर रहे थे, तब उन्होंने तुलसीदास द्वारा वर्णित सीता के स्वरूप को ध्यान में रखा था. उनके मुताबिक, सीता का वर्णन बादाम जैसी आंखों, संतुलित कद-काठी और विशेष व्यक्तित्व वाली महिला के रूप में किया गया है. दीपिका ने कहा कि रामानंद सागर को लगा था कि ये खूबियां उनमें मौजूद हैं, इसलिए उन्हें यह भूमिका मिली. उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक वर्णनों में सीता के घुंघराले बालों का उल्लेख नहीं मिलता. हालांकि, उन्होंने साई पल्लवी का नाम लेकर उनके बालों पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की, लेकिन उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

कलाकारों की भी की तारीफ

दीपिका ने यह भी कहा कि नितेश तिवारी की फिल्म में शामिल सभी कलाकार अच्छे अभिनेता हैं. उनके मुताबिक, अगर निर्देशक की सोच के अनुरूप कलाकार अपने किरदारों में फिट बैठते हैं, तो फिल्म की कास्टिंग सफल मानी जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार का मूल्यांकन केवल उसके लुक से नहीं, बल्कि उसके अभिनय से होना चाहिए.

दीपिका ने अपने सह-कलाकार अरुण गोविल का भी जिक्र किया, जिन्होंने रामानंद सागर की 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका निभाई थी. अब नितेश तिवारी की फिल्म में वह राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे. दीपिका ने कहा कि आज भी लोग उन्हें और अरुण गोविल को उनके निभाए गए पौराणिक किरदारों से पहचानते हैं. कई बार लोग उनका नाम भूल जाते हैं, लेकिन उन्हें "सीता" के रूप में जरूर याद रखते हैं. उनके अनुसार यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है.