menu-icon
India Daily

छुट्टियों में ऋषिकेश जानें वालों के लिए बड़ी खबर, पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों की उमड़ी भीड़ की वजह से कम पड़ी बसें

लगातार छुट्टियों और चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के चलते ऋषिकेश में पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. बदरीनाथ-केदारनाथ जाने के लिए बसें कम पड़ने से यात्री काउंटर पर टिकट और बसों का इंतजार कर रहे हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
छुट्टियों में ऋषिकेश जानें वालों के लिए बड़ी खबर, पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों की उमड़ी भीड़ की वजह से कम पड़ी बसें
Courtesy: ChatGPT (Representative image)

ऋषिकेश: लगातार छुट्टियों के चलते उत्तराखंड के ऋषिकेश में पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश के बाद शनिवार और रविवार की छुट्टियां होने के कारण शहर में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है. इसका असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है. शहर के अंदर से लेकर बाईपास मार्ग तक कई जगह जाम की स्थिति बनी हुई है.

चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के चलते बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ गई है. बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री ऋषिकेश पहुंच रहे हैं और यहां से आगे की यात्रा के लिए बसों का इंतजार कर रहे हैं. यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण चारधाम यात्रा के लिए बसें कम पड़ने लगी हैं. बस काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की कतार भी लगी हुई है.

बसों के इंतजार में यात्री

चारधाम यात्रा और लोकल रूट के लिए अब तक करीब 20 बसें रवाना हो चुकी हैं. इसके बावजूद बड़ी संख्या में यात्री अभी भी बसों का इंतजार कर रहे हैं. बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बस मिलने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. यात्रियों की बढ़ी संख्या का असर स्थानीय लोगों पर भी पड़ा है. लोकल रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को भी बसों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है.

चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ ऋषिकेश में लगातार बढ़ रही है. यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के अलावा छुट्टियों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी शहर पहुंच रहे हैं. इससे ऋषिकेश के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है.

राफ्टिंग के लिए भी पहुंचे पर्यटक

छुट्टियों के चलते ऋषिकेश में राफ्टिंग करने के लिए भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं. पर्यटकों की बढ़ी संख्या के कारण शहर के अंदर और बाईपास दोनों जगह यातायात प्रभावित हुआ है. कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और लोगों को जाम के बीच सफर करना पड़ रहा है.

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ सिविल पुलिस की टीम भी सड़कों पर तैनात है. पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और जाम को कम करने का प्रयास कर रहे हैं. वहीं, हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आने वाले वाहनों का सिलसिला लगातार जारी है.