menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में बारिश बनी आफत, टिहरी में पहाड़ी खिसकने से भरभराकर गिरा मकान; बाल-बाल टला हादसा

उत्तराखंड के टिहरी में भारी बारिश के बीच पहाड़ी खिसकने से एक खाली मकान ढह गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. प्रशासन ने पहले ही आसपास के इलाके को खाली करा लिया था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.

babli
Edited By: Babli Rautela
उत्तराखंड में बारिश बनी आफत, टिहरी में पहाड़ी खिसकने से भरभराकर गिरा मकान; बाल-बाल टला हादसा
Courtesy: AI

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच टिहरी गढ़वाल से एक डराने वाला दृश्य सामने आया है. धनोल्टी क्षेत्र में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक खिसक गया, जिससे एक पुराना और खाली पड़ा मकान देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने समय रहते इलाके को खाली करा दिया था, इसलिए इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

होटल निर्माण के दौरान खिसकी पहाड़ी

यह घटना टिहरी जिले की धनोल्टी तहसील के कद्दूखाल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 707ए के पास हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल निर्माण के लिए पहाड़ी की खुदाई की जा रही थी. इसी दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक खिसक गया और उसके नीचे स्थित पुराना भवन भरभराकर गिर पड़ा. मकान गिरने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. प्रशासन पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि पहाड़ी में दरार और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पहले ही एहतियातन आसपास के दो रेस्टोरेंट, कुछ खोखे और मजदूरों की झुग्गियों को खाली करा लिया गया था. इसी वजह से हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था और किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई. प्रशासन ने इसे समय रहते उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है.

खुदाई को माना जा रहा प्रमुख कारण

प्रशासन के अनुसार शुरुआती जांच में होटल निर्माण के लिए की जा रही खुदाई को इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है. हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. अधिकारियों ने निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा शुरू कर दी है. साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी तेज बारिश का अनुमान है. बारिश को देखते हुए कई जिलों में एहतियातन कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है.