लखनऊ: लखनऊ में गुरुवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं. कई इलाकों में हल्की-हल्की बारिश भी हो रही है. मौसम विभाग ने आज बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है. दिन में आंधी के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 31 डिग्री Celsius और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बादलों की वजह से दिन में भी गर्मी कम महसूस होगी.
बुधवार को लखनऊ में इस सीजन की सबसे ज्यादा 18.4 मिलीमीटर बारिश हुई. अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा था. हवा में नमी काफी अधिक रही. अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम 67 प्रतिशत रही.
1 जून से 8 जुलाई तक लखनऊ में सामान्य बारिश 133 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन सिर्फ 51.9 मिलीमीटर बारिश हुई है. यानी सामान्य से 61 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून पूरी तरह सक्रिय है. इसी वजह से दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रह गया है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जुलाई तक लखनऊ में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. 10 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना रहेगा. कभी-कभी धूप भी निकलेगी, लेकिन बादल छाए रहेंगे.