सावधान! देहरादून में इन्फ्लुएंजा H1N1 और डेंगू का बढ़ता संक्रमण, 648 मामले आए सामने

देहरादून में H1N1 संक्रमण के सात नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 648 हो गई है, जिनमें 606 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 40 सक्रिय मामले हैं.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून में मौसम में बदलाव के बीच इन्फ्लुएंजा H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. रविवार को जिले में 58 सैंपल की जांच की गई, जिनमें सात लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके साथ ही जिले में H1N1 संक्रमितों की कुल संख्या 648 हो गई है. वहीं, डेंगू के भी दो नए मरीज मिले हैं, जिससे कुल मामले बढ़कर 222 हो गए हैं.

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून में अब तक H1N1 की जांच के लिए 2169 सैंपल लिए गए हैं. इनमें 648 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. कुल संक्रमितों में 606 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 40 मरीज अभी सक्रिय हैं. संक्रमण के कारण दो मरीजों की मौत हुई है और दोनों मामलों का डेथ ऑडिट किया जा चुका है.

कितने लोग हैं संक्रमित?

कुल 648 संक्रमितों में 346 पुरुष और 302 महिलाएं शामिल हैं. अलग-अलग आयु वर्ग में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं. 41 से 50 वर्ष और 71 से 80 वर्ष की आयु के लोगों में भी H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है.


कोविड का नया मामला नहीं मिला

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड संक्रमण की भी लगातार निगरानी की जा रही है. अब तक कोविड जांच के लिए 1095 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 57 मरीज संक्रमित पाए गए. इनमें से 56 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. रविवार को कोविड का कोई नया संक्रमित मरीज नहीं मिला.

डेंगू के दो नए मरीज मिले

देहरादून में डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं. रविवार को 167 सैंपल की जांच की गई, जिसमें दो लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके बाद जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 222 हो गई है.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक डेंगू की जांच के लिए 34,371 सैंपल लिए जा चुके हैं. इनमें 222 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. कुल मामलों में देहरादून के 109 मरीज और दूसरे जिलों के 113 मरीज शामिल हैं. अब तक 203 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 19 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं.

6593 घरों में हुआ सर्वे

डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर सर्वे और मच्छरों के लार्वा की जांच का अभियान जारी है. रविवार को आशा कार्यकर्ताओं और वालंटियरों की मदद से 6593 घरों का सर्वे किया गया.

इस दौरान 47,274 कंटेनरों की जांच की गई. इनमें 80 घरों और 98 कंटेनरों में मच्छर का लार्वा पाया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से लोगों को मच्छरों की रोकथाम और आसपास पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है.