आम आदमी पर फूटा महंगाई का बम, अक्टूबर में खुदरा महंगाई RBI की अपर लिमिट से हुई बाहर; प्याज ने सबसे ज्यादा रुलाया
भारत में अक्टूबर के दौरान खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पहुंच गई. दो साल बाद यह आरबीआई की छह प्रतिशत की ऊपरी सीमा से पार हुई. इस दौरान खाने-पीने की चीजें सबसे ज्यादा महंगी हुईं.
देश में खुदरा महंगाई ने अक्टूबर में आम लोगों को बड़ा झटका दिया है. सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई. यह दो साल में पहली बार है, जब महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छह प्रतिशत की ऊपरी सीमा से आगे निकल गई है. सितंबर में खुदरा महंगाई दर 5.54 प्रतिशत थी.
नए आधार वर्ष 2024 वाली उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) सीरीज शुरू होने के बाद अक्टूबर का आंकड़ा सबसे ज्यादा है. आरबीआई ने महंगाई का लक्ष्य चार प्रतिशत तय किया है. हालांकि, इसमें दो प्रतिशत की घट-बढ़ की गुंजाइश रखी गई है. यानी महंगाई की स्वीकार्य सीमा दो से छह प्रतिशत के बीच है.
खाने-पीने की चीजों की महंगाई 8.94% पहुंची
अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई. उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक (CFPI) के अनुसार, खाद्य महंगाई सितंबर के 7.74 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 8.94 प्रतिशत हो गई. सबसे ज्यादा महंगाई प्याज की कीमतों में देखने को मिली. अक्टूबर में प्याज की महंगाई दर 116.22 प्रतिशत रही, जबकि सितंबर में यह 108.13 प्रतिशत थी. इसी तरह लहसुन की महंगाई 54.62 प्रतिशत से बढ़कर 60.74 प्रतिशत हो गई. अदरक की कीमतों में 48.32 प्रतिशत की महंगाई दर्ज की गई.
Also Read
नींबू की कीमतें भी तेजी से बढ़ीं. इसकी महंगाई दर सितंबर के 36.41 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 47.30 प्रतिशत हो गई. वहीं, चांदी के आभूषणों की महंगाई 52.39 प्रतिशत रही, जो सितंबर में 87.82 प्रतिशत थी. दूसरी ओर, कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट जारी रही. अक्टूबर में आलू की कीमतों में 14.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. फूलगोभी 10.57 प्रतिशत, नारियल 5.60 प्रतिशत, बैंगन 3.34 प्रतिशत और पत्तागोभी 1.92 प्रतिशत सस्ती हुई.
शहरों के मुकाबले गांवों में ज्यादा महंगाई
अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में महंगाई की मार शहरी क्षेत्रों से ज्यादा रही. ग्रामीण महंगाई दर सितंबर के 6.08 प्रतिशत से बढ़कर 6.63 प्रतिशत हो गई. वहीं, शहरी महंगाई 4.88 प्रतिशत से बढ़कर 5.41 प्रतिशत पर पहुंच गई. ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत रही, जबकि शहरी इलाकों में यह 8.68 प्रतिशत दर्ज की गई. रेस्तरां और आवास सेवाओं में ग्रामीण महंगाई 10.24 प्रतिशत और शहरी महंगाई 9.90 प्रतिशत रही. व्यक्तिगत देखभाल, सामाजिक सुरक्षा और अन्य वस्तुओं एवं सेवाओं की श्रेणी में भी ग्रामीण महंगाई 10.84 प्रतिशत और शहरी महंगाई 9.24 प्रतिशत दर्ज की गई.
कई राज्यों में महंगाई की दर ऊंची
राज्यों के आंकड़ों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में ग्रामीण महंगाई 7.81 प्रतिशत और शहरी महंगाई 6.37 प्रतिशत रही. कर्नाटक में यह क्रमशः 7.54 और 6.60 प्रतिशत दर्ज की गई. केरल में ग्रामीण महंगाई 7.01 प्रतिशत और शहरी महंगाई 5.58 प्रतिशत रही. महाराष्ट्र में ग्रामीण क्षेत्रों में यह 6.86 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 5.20 प्रतिशत दर्ज की गई. उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महंगाई 7.20 प्रतिशत रही, जबकि शहरी महंगाई 4.88 प्रतिशत दर्ज की गई. वहीं, दिल्ली में ग्रामीण महंगाई 5.24 प्रतिशत और शहरी महंगाई 3.77 प्रतिशत रही.