शख्स के हाथ से 81000 रुपए छीनकर भागा बंदर, पेड़ पर चढ़कर उड़ाए नोट, वीडियो वायरल

शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में बंदर एक व्यक्ति की जेब से 81,800 रुपये छीनकर पेड़ पर चढ़ गया. इसके बाद उसने नोटों की बारिश कर दी.

X
Sagar Bhardwaj

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदर की एक अजीबोगरीब हरकत से डिप्टी कमिश्नर (DC) ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी मच गई. यहां एक बंदर व्यक्ति की जेब से 81,800 रुपये से भरा पैकेट छीनकर पेड़ पर चढ़ गया. व्यक्ति बैंक में पैसे जमा कराने जा रहा था, तभी बंदर ने अचानक उस पर झपट्टा मारकर नकदी छीन ली.

पेड़ से नीचे फेंकने लगा नोट

पेड़ पर पहुंचने के बाद बंदर ने पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए. देखते ही देखते पेड़ के नीचे हजारों रुपये बिखर गए. परिसर में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए. उन्होंने जमीन पर गिरे नोट इकट्ठा करने शुरू कर दिए. काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम वापस मिल गई.

हालांकि, व्यक्ति के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया. इसके अलावा बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट भी फाड़ दिए, जिससे उसे नुकसान हुआ. इस घटना ने शिमला में बंदरों के बढ़ते आतंक और लोगों के सामान व नकदी की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.


बुलंदशहर में बंदर ले भागा था 2 लाख रुपये

ऐसी ही घटना मई 2026 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित कोर्ट परिसर में हुई थी. यहां एक बंदर 2 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ गया था. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

दरअसल, एक व्यक्ति प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के काम से कोर्ट पहुंचा था. रविंद्र लोधी उर्फ राजू को स्टांप पेपर खरीदने के लिए भेजा गया था. वह स्टांप विक्रेता की ओर जा रहा था, तभी बंदर ने उसका बैग छीन लिया और पास के नीम के पेड़ पर चढ़ गया.

पुलिस ने बरामद किए 1.98 लाख रुपये

पेड़ पर बंदर ने बैग फाड़ दिया और उसमें रखे सामान को नीचे फेंकने लगा. कुछ ही देर में 500 रुपये के नोट जमीन पर गिरने लगे. यह देखकर वहां भीड़ जुट गई और लोग पैसे समेटने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. काफी प्रयास के बाद 1.98 लाख रुपये बरामद कर उनके मालिक को लौटा दिए गए.