देहरादून में इन दिनों कई संक्रामक बीमारियों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या 300 तक पहुंच गई है. शनिवार को भी जांच के दौरान 29 नए मरीज मिले. इसके अलावा कोविड के दो नए मामले और डेंगू का एक मरीज सामने आया. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार स्वाइन फ्लू के 101 मरीज फिलहाल अस्पतालों में भर्ती हैं. वहीं, डेंगू के 11 मरीजों का उपचार अस्पतालों में चल रहा है.
देहरादून में एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के अब तक 586 नमूनों की जांच हुई है. इनमें 300 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई. संक्रमितों में 201 देहरादून के और 99 दूसरे राज्यों से हैं. कुल मरीजों में 163 पुरुष और 137 महिलाएं शामिल हैं. फिलहाल 101 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 197 लोग स्वस्थ हो चुके हैं. अब तक दो मौतों का आंकड़ा डेथ ऑडिट के बाद दर्ज किया गया है.
शनिवार को स्वाइन फ्लू की जांच के लिए 65 सैंपल लिए गए. इनमें 29 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं. नए मरीजों में 19 देहरादून के और 10 दूसरे राज्यों से हैं. लगातार सामने आ रहे मामलों के कारण स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ गई है. अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है. संक्रमण की जांच के लिए सैंपल लेने और रिपोर्ट की प्रक्रिया लगातार जारी है.
देहरादून में कोरोना संक्रमण के भी दो नए मरीज सामने आए हैं. इनमें एक मरीज देहरादून और दूसरा दूसरे स्थान का है. अब तक जिले में 327 नमूनों की जांच की जा चुकी है, जिनमें 41 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई. इनमें 17 देहरादून और 24 अन्य राज्यों के मरीज हैं. फिलहाल कोविड के तीन संक्रमित अस्पताल में भर्ती हैं. स्वास्थ्य विभाग लगातार नए मामलों का रिकॉर्ड तैयार कर रहा है.
शनिवार को 571 नमूनों की जांच में डेंगू का एक नया मामला मिला. इसके साथ जिले में कुल मरीजों की संख्या 130 हो गई है. अब तक 25,415 सैंपल जांचे गए हैं. संक्रमितों में 64 देहरादून और 66 दूसरे जिलों के मरीज हैं. इनमें 119 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 11 अस्पतालों में भर्ती हैं. वहीं, चिकनगुनिया का भी एक नया मामला मिला है और अब कुल केस 78 हो गए हैं.