menu-icon
India Daily

देहरादून-मसूरी मार्ग पर रात में आवाजाही प्रतिबंधित, प्रशासन ने जारी किया नया आदेश

देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी बैंड के पास भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. केवल आवश्यक सेवाओं और विशेष परिस्थितियों में ही वाहनों को अनुमति मिलेगी.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
देहरादून-मसूरी मार्ग पर रात में आवाजाही प्रतिबंधित, प्रशासन ने जारी किया नया आदेश
Courtesy: ChatGpt

देहरादून-मसूरी मार्ग पर लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है. पानी बैंड क्षेत्र में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए रात के समय वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन और विशेष परिस्थितियों में ही इस मार्ग से गुजर सकेंगे. वहीं, लंबे इंतजार के बाद देहरादून से मसूरी के बीच टेंपो ट्रैवलर सेवा दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को कुछ राहत जरूर मिली है.

भूस्खलन के खतरे के बाद लिया गया फैसला

प्रशासन के अनुसार पानी बैंड के पास लगातार बारिश के कारण सड़क का हिस्सा पहले धंस चुका है. सड़क में दरारें आने के बाद लोक निर्माण विभाग ने बैक कटिंग कर यातायात बहाल किया था, लेकिन बुधवार शाम फिर मलबा आने से खतरा बढ़ गया. इसी स्थिति को देखते हुए रात में वाहनों की आवाजाही रोकने का निर्णय लिया गया.

रात में सिर्फ जरूरी वाहनों को मिलेगी अनुमति

एसडीएम राहुल आनंद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मसूरी-राजपुर क्षेत्र में आपदा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए. आदेश के मुताबिक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. केवल आपातकालीन सेवाओं और विशेष परिस्थितियों में वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी जाएगी.

टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू, बसें अभी भी बंद

तीन दिनों के अंतराल के बाद गुरुवार से देहरादून-मसूरी टेंपो ट्रैवलर सेवा फिर शुरू कर दी गई है. इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों और पर्यटकों को राहत मिली है. हालांकि बड़े वाहनों के संचालन में अभी भी दिक्कत बनी हुई है, इसलिए रोडवेज बस सेवा फिलहाल शुरू नहीं की गई है.

किराये में भी है अंतर

रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक सुरेश चौहान के अनुसार फिलहाल केवल टेंपो ट्रैवलर का संचालन किया जा रहा है. देहरादून से मसूरी तक रोडवेज बस का किराया 80 रुपये प्रति यात्री है, जबकि टेंपो ट्रैवलर का किराया 105 रुपये प्रति यात्री निर्धारित है. बड़े वाहनों के लिए मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद बस सेवा बहाल की जाएगी.

जीरो प्वाइंट के पास खाई में गिरे व्यक्ति को बचाया

इसी बीच मसूरी के जीरो प्वाइंट क्षेत्र में एक व्यक्ति खाई में गिर गया. सूचना मिलने पर फायर विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला. घायल की पहचान 45 वर्षीय कुंदन लाल के रूप में हुई है, जिन्हें उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय भेजा गया. हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ.