menu-icon
India Daily

देहरादून में 31 अगस्त से गूंजेगा श्री कृष्ण नाम, श्याम सुंदर मंदिर में होगा भव्य जन्माष्टमी महोत्सव

देहरादून के पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में 31 अगस्त से 7 सितंबर तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत मंगल कलश यात्रा से होगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
देहरादून में 31 अगस्त से गूंजेगा श्री कृष्ण नाम, श्याम सुंदर मंदिर में होगा भव्य जन्माष्टमी महोत्सव
Courtesy: Pinterest

देहरादून: देहरादून के पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 31 अगस्त से 7 सितंबर तक किया जाएगा. महोत्सव के दौरान श्रीमद भागवत कथा, मंगल कलश यात्रा और श्री कृष्ण जन्मोत्सव समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.

मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी भूपेन्द्र चड्ढा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 31 अगस्त को शाम 5 बजे मंगल कलश यात्रा के साथ होगा. इसके बाद 1 सितंबर से प्रतिदिन शाम 5 बजे श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा.

वृंदावन के आचार्य करेंगे भागवत कथा

श्रीमद भागवत कथा का पाठ रमणरेती वृंदावन के आचार्य मधुर कृष्ण करेंगे. कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंग सुनने का अवसर मिलेगा.

जन्माष्टमी के दिन 4 सितंबर को विशेष आयोजन किया जाएगा. इस दिन कथा का समय रात 8 बजे से रात 12 बजे तक रहेगा. रात 12 बजे भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उत्सव भव्य आतिशबाजी के साथ मनाया जाएगा.

9 सितंबर को होगा श्री कृष्ण छठी उत्सव

मंदिर समिति के अनुसार श्री कृष्ण जन्मोत्सव के बाद 9 सितंबर को श्री कृष्ण छठी उत्सव भी मनाया जाएगा. इस दौरान मंदिर में विशेष पूजा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री श्याम सुंदर मंदिर पटेलनगर में बैठक भी आयोजित की गई. बैठक में मंदिर समिति के प्रधान अवतार मुनियाल, महामंत्री गोविंद मोहन, मनोज सूरी, तेजेन्द्र हरजाई, गौरव कोहली, चंद्र मोहन आनंद, भूपेन्द्र चड्ढा, गुलशन नंदा, प्रेम भाटिया, राजू गोलानी समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों का हिस्सा बनने की अपील की है.