अल्मोड़ा की वादियों में बसी मां स्याही देवी, सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताई महिमा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर अल्मोड़ा के शीतलाखेत स्थित मां स्याही देवी मंदिर का वीडियो साझा किया. उन्होंने मंदिर को कत्युरी काल का प्राचीन शक्तिपीठ बताते हुए श्रद्धालुओं से यहां दर्शन करने का आग्रह किया.
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया पर अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध मां स्याही देवी मंदिर का एक वीडियो साझा किया है. वीडियो के साथ उन्होंने इस प्राचीन और पवित्र मंदिर की धार्मिक तथा ऐतिहासिक महत्ता का भी उल्लेख किया.
मुख्यमंत्री ने बताया कि अल्मोड़ा जिले के शीतलाखेत क्षेत्र में स्थित मां स्याही देवी मंदिर आदि शक्ति मां भगवती को समर्पित है. उनका कहना है कि इस मंदिर का निर्माण कत्युरी काल में हुआ था और यह उत्तराखंड की प्राचीन आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है.
Also Read
सीएम धामी ने और क्या कहा?
सीएम धामी ने अपने संदेश में कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस मंदिर में मां भगवती के दर्शन श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव कराते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी वे अल्मोड़ा आएं, तो इस पवित्र मंदिर में दर्शन के लिए अवश्य जाएं.
क्या है वहां की खासियत?
शीतलाखेत का यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचकर मां स्याही देवी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हैं.
मुख्यमंत्री द्वारा साझा किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है. कई लोगों ने मंदिर की सुंदरता और शांत वातावरण की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड की प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक बताया है.