मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में PRD जवानों के लिए बड़ी घोषणाएं की. ‘मुख्यमंत्री PRD परिवार कल्याण योजना’ के तहत जवानों के परिवार को 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज मिलेगा. साथ ही दैनिक भत्ता 600 रुपए करने की तैयारी पूरी हो चुकी है. अभी जवानों को 500 रुपए मिलते हैं.
गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने PRD जवानों और उनके परिवारों के लिए नई योजना की शुरुआत की. इसके तहत जवान के परिवार को 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 31 हजार PRD जवान रजिस्टर्ड हैं, जिनमें 2 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं. उन्होंने जवानों के दैनिक भत्ते को भी जल्द बढ़ाने का ऐलान किया. अभी उन्हें रोज 500 रुपए मिलते हैं, जिसे बढ़ाकर 600 रुपए किया जाएगा. कार्यक्रम में योगी ने वर्दी भत्ते के 3 हजार रुपए भी जवानों के खातों में ट्रांसफर किए. इससे पहले लखनऊ में बनने वाले PRD भवन का शिलान्यास भी किया गया.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश का पैसा विदेशों में जमा कराया जाता था और मुश्किल आने पर बाहर जाने की तैयारी रहती थी. योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है और अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है. उनके मुताबिक, प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय पहले 43 हजार रुपए थी, जो अब 1 लाख 20 हजार रुपए तक पहुंच गई है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश का बजट अब 9 लाख 70 हजार करोड़ रुपए है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दंगाई और माफिया अब पीछे चले गए हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है.
योगी ने कहा कि PRD जवानों को पहले पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी. वहीं अब कई जगह उनकी जरूरत पड़ रही है. उन्होंने कहा कि जवानों को बेहतर ट्रेनिंग देकर उनकी जिम्मेदारियां बढ़ाई जा सकती हैं. जरूरत के अनुसार उन्हें ट्रैफिक व्यवस्था, मेट्रो सुरक्षा और दूसरे कामों में लगाया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति हर काम सीखकर पैदा नहीं होता, इसलिए सही ट्रेनिंग जरूरी है. उन्होंने पिछली सरकारों के विकास मॉडल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय विकास कुछ खास इलाकों और लोगों तक सीमित था.