उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित एक कॉलेज परिसर में हुई दिनदहाड़े गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीए के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की एक सहपाठी द्वारा कथित रूप से हत्या कर दी गई. घटना के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों के विरोध प्रदर्शन ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया. मृतक के परिवार ने अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस के अनुसार, घटना सोशल साइंस फैकल्टी के कॉरिडोर में हुई, जहां आरोपी छात्र ने करीब से कई गोलियां चलाईं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने सिर और सीने को निशाना बनाया. वारदात के बाद वह मौके से भाग निकला और रास्ते में हथियार फेंक दिया, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया.
घायल छात्र को पहले पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर के रहने वाले थे और पढ़ाई के लिए वाराणसी में रह रहे थे. उन्हें एक होनहार और मिलनसार छात्र के रूप में जाना जाता था.
घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है. पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के पिता ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और आरोपी के एनकाउंटर की मांग की. इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत चली, जिसके बाद शव को घर ले जाया गया.
घटना के बाद छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की. कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कुछ शिक्षक घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया. अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा है और आरोपी की तलाश जारी है.