उन्नाव: उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह अपने डांस के पेशे को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान माधुरी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब दो साल पहले बलकिशन से हुई थी. बलकिशन रूपऊ गांव का रहने वाला है, जबकि माधुरी सरैया गांव की निवासी थी. शादी के बाद बलकिशन को पता चला कि उसकी पत्नी शादियों और कार्यक्रमों में डांस करती है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा.
जानकारी के मुताबिक बलकिशन ने कई बार माधुरी पर यह काम छोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन माधुरी ने इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों के रिश्ते में दरार बढ़ती गई और माधुरी अपने मायके चली गई. कुछ समय बाद बलकिशन ने उसे फोन कर सुलह का झांसा दिया और वापस बुलाया.
गुरुवार को जब माधुरी बाजार गई हुई थी, तभी बलकिशन का फोन आया. उसने भरोसा दिलाया कि वह अब सारे झगड़े खत्म कर नई शुरुआत करना चाहता है. अपनी ढाई साल की बेटी के भविष्य और घर बचाने की उम्मीद में माधुरी उसकी बातों में आ गई और उससे मिलने पहुंच गई.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सुनसान रास्ते पर ले जाकर माधुरी का उसके ही दुपट्टे से गला घोंट दिया. हत्या के बाद उसने शव को नहर किनारे फेंक दिया और घर लौट आया. हैरानी की बात यह है कि उसी रात आरोपी ने खुद ‘डायल-112’ पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी और अपना जुर्म कबूल कर लिया.
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है. इस जांच में तीन डॉक्टरों की टीम शामिल रही.
इस दर्दनाक घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि माधुरी की ढाई साल की बेटी अब अपनी मां के साये से हमेशा के लिए वंचित हो गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.