menu-icon
India Daily

वेलेंटाइन डे पर प्रेमी ने पहले प्रेमिका को मारी गोली, फिर खुद की ली जान; कार में मिले दोनों के शव

वैलेंटाइन डे पर नोएडा सेक्टर 107 में एक कपल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक युवक ने लड़की को गोली मारी और फिर खुद को भी मार लिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
वेलेंटाइन डे पर प्रेमी ने पहले प्रेमिका को मारी गोली, फिर खुद की ली जान; कार में मिले दोनों के शव
Courtesy: Pinterest

नोएडा: नोएडा के सेक्टर 107 में वैलेंटाइन डे पर एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. कार के अंदर एक युवक और युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं. पुलिस अपनी शुरुआती जांच में इसे प्रेम प्रसंग मान रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों 14 फरवरी की सुबह मिले थे. बाद में जब कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली, तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक और युवती कार के अंदर खून से लथपथ पड़े मिले. युवक के हाथ में एक पिस्टल मिली, जिससे शक है कि उसने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली.

कैसे हुई मृतकों की पहचान?

पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान सेक्टर 58 थाना इलाके की रहने वाली रेखा के तौर पर हुई है. युवक का नाम सुमित बताया गया है, जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके का रहने वाला है. परिवार के मुताबिक, युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोग जमा हो गए. वैलेंटाइन डे के दिन हुई इस घटना से इलाके में मातम का माहौल है. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच के लिए थाने भेज दिया है. 

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आस-पास के CCTV कैमरों की फुटेज देख रही है और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है, और मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगी.

परिवार नोएडा के सेक्टर 39 थाने पहुंचा और घटना के बारे में पूछताछ की. शुरुआती जांच में यह प्रेम विवाद का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस ने किसी नतीजे पर पहुंचने से इनकार कर दिया है.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

पंजाब के तरनतारन जिले में भी ऐसी ही घटना हुई. वैलेंटाइन डे के दिन एक सिरफिरे आशिक ने अपनी और अपनी गर्लफ्रेंड की जान लेने की खौफनाक साजिश रची. उस्मान गांव के एक कॉलेज में घुसकर एक युवक ने साथी स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या कर दी फिर खुद को भी गोली मार ली थी.