menu-icon
India Daily

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में आज भी हीटवेव का कहर जारी, कल से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल के जिलों में आज तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पिछले कई दिनों से चली आ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है. दिन के समय घर से बाहर निकलना चुनौती भरा हो गया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में आज भी हीटवेव का कहर जारी, कल से बदलेगा मौसम
Courtesy: ANI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है. भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अब कुछ राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं.

पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज लू का कहर जारी रहेगा तो पश्चिमी भाग में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 11 जून से पूरे प्रदेश में भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है.

गरज-चमक के साथ बारिश की उम्मीद

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम कुछ अलग रहने वाला है. गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ समेत कई जिलों में दिन में गर्मी बनी रहेगी लेकिन शाम के समय गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है. इस बारिश से स्थानीय स्तर पर तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ सुकून मिलेगा. 

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 10 जून के बाद मौसम पूरी तरह बदल जाएगा. 11 जून से एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय होने जा रही है. प्री-मानसून गतिविधियों के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुरुवार से 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो सकता है.

भारी बारिश की उम्मीद

उत्तर प्रदेश में गुरुवार से मौसम करवट लेगा. 11 से 14 जून तक मानसून से पहले की बारिश लोगों को लू से राहत देगी. पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है लेकिन जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतनी होगी. प्रशासन को निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है.

मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि मौसम बदलाव के दौरान अनावश्यक घर से बाहर न निकलें. खासकर शाम के समय तेज हवाओं और बारिश के दौरान सतर्क रहें. सड़क पर सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है. बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए विद्युत विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.