menu-icon
India Daily

झगड़े के बाद युवक ने की आत्महत्या, बेटे का शव मिलने पर मां ने भी लगा ली फांसी; जानें क्या है पूरा मामला

इटावा में मां-बेटे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जबकि सुल्तानपुर में 14 वर्षीय मदरसा छात्र मृत मिला. दोनों घटनाओं से इलाके में शोक का माहौल है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
झगड़े के बाद युवक ने की आत्महत्या, बेटे का शव मिलने पर मां ने भी लगा ली फांसी; जानें क्या है पूरा मामला
Courtesy: Pinterest

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 21 साल के एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मां से झगड़े के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली और बाद में उसकी मां ने भी बेटे का शव मिलने पर अपनी जान दे दी. अधिकारियों के अनुसार विवेक कुमार नाम के इस युवक ने अपनी 55 साल की मां गुड्डी देवी से झगड़े के बाद कोई जहरीला पदार्थ खा लिया.

पुलिस ने बताया कि बाद में गुड्डी देवी ने अपने बेटे को घर के अंदर मृत पाया. सदमे और गहरे दुख से टूटकर उसने कथित तौर पर एक साड़ी से फांसी लगा ली. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रीति सेंगर ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार शाम को सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. 

उन्होंने कहा, 'कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.' इस मामले में आगे की जांच जारी है.

सुल्तानपुर जिले में हुई एक और घटना

इस बीच एक अलग घटना में पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शुक्रवार शाम को एक मस्जिद के कमरे के अंदर छत के पंखे से लटककर 14 साल के एक मदरसा छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

मृतक की पहचान रेहान के रूप में हुई है, जो पास के ही एक मदरसे में कक्षा 6 का छात्र था. स्थानीय लोगों के अनुसार वह दोपहर में शुक्रवार की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गया था और बाद में घर लौट आया था. बताया जाता है कि कुछ समय बाद वह फिर से मस्जिद आया, जहां उसने कथित तौर पर मस्जिद के ही एक कमरे में यह जानलेवा कदम उठा लिया.

कब हुआ घटना का खुलासा?

इस घटना का पता शाम करीब 4 बजे चला, जब लोग दोपहर की नमाज के लिए मस्जिद पहुंचे और लड़के का शव छत के पंखे से लटका हुआ पाया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. जैसे ही यह खबर फैली बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा. अधिकारियों ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मस्जिद परिसर में ही उसके ठीक सामने एक मदरसा भी स्थित है, जहां रेहान पढ़ता था. पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को मदरसा बंद था.

पुलिस अधिकारी ऋतिक कपूर ने कहा कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.