आईपीएल 2026 का खुमार सर चढ़कर बोल रहा है. एक तरफ लोग मैच देखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, तो दूसरी तरफ कई लोग इसको सट्टेबाजी का अड्डा बना लेते हैं. ऐसा ही कुछ यूपी के झांसी में ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट चलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. उनके मोबाइल फोन पर 8 करोड़ रुपये से ज्यादा के डिजिटल लेन-देन का पता चला.
पुलिस ने महेंद्रपुरी कॉलोनी में एक घर पर छापा मारा. वहां से दो लोग अंशुमान (40) और अभिषेक पाठक (31) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी घर से सट्टेबाजी रैकेट चला रहे थे और IPL मैचों के अलग-अलग पहलुओं जैसे विकेट, रन और ओवर पर दांव लगवा रहे थे.
पुलिस ने बताया कि उनके पास से बरामद चार मोबाइल फोन में डिजिटल कॉइन से जुड़े 8.05 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऑनलाइन लेन-देन दिखे. साथ ही 5,000 रुपये से ज्यादा की नकदी भी जब्त की गई.
पुलिस ने आरोपियों से जुड़े नौ बैंक खातों में जमा करीब 1.80 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि वे पथोरिया के रहने वाले रवि कुशवाहा नाम के एक व्यक्ति के साथ मिलकर काम कर रहे थे. बताया जा रहा है कि रवि कुशवाहा ही इस मामले का मुख्य आरोपी है और फिलहाल फरार है. इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.