नोएडा: नोएडा की रहने वाली एक युवती, जिसकी शादी 5 महीने पहले ही बड़े धूमधाम से हुई थी, कि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने इस मामले में ससुराल वालों पर कई तरह के आरोप लगाए हैं और बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, नोएडा की ट्विशा शर्मा की 5 महीने पहले भोपाल के वकील समर्थ सिंह से धूमधाम से शादी हुई थी. जानकारी के मुताबिक 12 मई के रात को मायके वालों को सूचना दी गई कि उनकी बेटी सांस नहीं ले पा रही है. ट्विशा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. वही अब इस मामले लेकर ट्विशा के मायके वालों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कार्रवाई की मांग की है.
ट्विशा का भाई हर्षित शर्मा, जो भारतीय सेना में अधिकारी हैं, उन्होंने कहा कि उनकी बहन को मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का शिकार बनाया गया. उसे अपनी प्रेग्नेंसी खत्म करने के लिए भी मजबूर किया गया था. उन्होंने दावा किया कि अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान, मेरी बहन ने बच्चे को जन्म देने और उसे पालने की इच्छा जताई थी. हालांकि, कथित तौर पर उसके पति और ससुराल वालों ने उस पर प्रेग्नेंसी खत्म करने के लिए भारी दबाव डाला और उसे मजबूर किया. उसके चरित्र पर बार-बार सवाल उठाए गए, और आरोप लगाए गए कि बच्चा नाजायज है. लगातार मानसिक दबाव और परिवार के दबाव में आकर, प्रेग्नेंसी को मेडिकल तरीके से खत्म कर दिया गया.
ट्विशा के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, उसकी की मौत फांसी लगाने के कारण हुई. उसके शरीर पर कई चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि ट्विशा के साथ पहले तो मारपीट की गई, फिर उसे फांसी से लटका दिया गया. रिपोर्ट से ये भी पता चला कि एक हफ़्ता पहले ही उसका गर्भपात कराया गया था.
विसेरा (शरीर के अंदरूनी अंग जैसे पेट, लिवर, आंतें, दिल और गुर्दे) और खून के सैंपल ज़हरीले पदार्थों की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजे गए हैं. DNA जांच के लिए नाखून के सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं. सेलोटेप और कपड़े भी सील करके जांच के लिए पुलिस को सौंप दिए गए हैं. जबकि गर्भाशय को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
पुलिस ने समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में FIR दर्ज कर ली है. ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है.