menu-icon
India Daily

'तरबूज के बाद खाई थी मैगी...', गोरखपुर में एक ही परिवार के 11 लोग पड़े बीमार

गोरखपुर के बेलीपार इलाके में एक ही परिवार के 11 लोगों की तरबूज और मैगी खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'तरबूज के बाद खाई थी मैगी...', गोरखपुर में एक ही परिवार के 11 लोग पड़े बीमार
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. एक ही परिवार के 11 सदस्यों की अचानक तरबूज और मैगी खाने से तबीयत खराब हो गई. परिवार के लोगों को अचानक तेज उल्टियां होने लगीं. वहीं कुछ लागों को सांस लेने में परेशानी शुरू हो गई. परिवार वालों की हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है.

तरबूज और मैगी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

गोरखपुर के मलाव गांव में रह रहे इस परिवार की सदस्य अन्नू पाण्डेय ने बताया कि गांव में एक फेरी वाला तरबूज बेचने आया था. घरवालों ने तरबूज खरीदा और रात को सबने मिलकर खाया. इसके बाद बच्चे जिद करने लगे. परिवार के बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक कई लोगों ने मैगी भी खाई. रात 1 बजे पहले बच्चों की तबीयत खराब होने लगी. धीरे-धीरे घर के बाकी सदस्य भी उल्टी, दस्त और पेट दर्द से परेशान हो गए. कुछ लोगों को सांस लेने में भी परेशानी होने लगी.

इमरजेंसी वार्ड में भर्ती परिवार

रात के समय हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने गांव में ही एक झोलाछाप डॉक्टर से दवाइयां ली. शुरुआत में लगा कि थोड़ी देर में आराम मिल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ. रात भर परेशान रहने के बाद सुबह तक कई लोगों की हालत और खराब हो गई. इसके बाद पड़ोसियों ने मदद की और सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉक्टरों ने मरीजों की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल पहुंचने के बाद सभी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है.

कटा हुआ तरबूज कितने समय तक खाने के लिए सुरक्षित रहता है?

हालांकि गर्मी के महीने और तरबूज एक-दूसरे से अलग नहीं किए जा सकते लेकिन हाल के दिनों में तरबूज और फ़ड पॉइजनिंग भी काफी हद तक एक ही चीज बन गए हैं. एक दुखद घटना में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 15 साल के एक लड़के की मौत हो गई और तीन अन्य बच्चे बीमार पड़ गए. इन बच्चों ने कथित तौर पर कटा हुआ तरबूज खाया था, जिसे कई घंटों तक खुला छोड़ दिया गया था. कटा हुआ तरबूज 2 से 3 घंटों के अंदर खा लेना चाहिए.

मैगी नूडल्स के साइड इफेक्ट

मैगी नूडल्स मुख्य रूप से अपने ज्यादा सोडियम, डाइटरी फाइबर की कमी और रिफाइंड गेहूं के आटे (मैदा) के कारण शरीर पर बुरे असर डालते हैं. इसे बार-बार खाने से पेट फूलना, शरीर में पानी की कमी, कब्ज जैसी पाचन संबंधी समस्याएं, वजन बढ़ना और ब्लड प्रेशर का बढ़ना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.