गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री गंगा प्रसाद निषाद और उनके सगे भाई भागवत चन्द्र के बीच पानी निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी, डंडे और हथौड़े चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
यह मामला खुटहन खास गांव के गुलरिहा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे गंगा प्रसाद निषाद अपने घर के बाहर टहल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने देखा कि उनके भाई भागवत चन्द्र अपने घर के सामने गड्ढा खोदकर बरसात का पानी उनके मकान की नींव की तरफ मोड़ रहे हैं.
गंगा प्रसाद निषाद का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके भाई भागवत चन्द्र और उनके बेटे विजय ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि विजय और अजय लाठी और हथौड़ा लेकर पहुंचे और उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
वहीं दूसरे पक्ष ने भी गंगा प्रसाद निषाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं. भागवत चन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि सुबह करीब 6:21 बजे गंगा निषाद ने उन्हें फोन कर दूसरे दरवाजे पर बुलाया और वहां पानी निकासी को लेकर बहस शुरू हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि गंगा निषाद के नाती आकर्ष निषाद समेत अन्य लोगों ने उन पर और उनके बेटे पर हमला कर दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले पर सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि दोनों सगे भाइयों के बीच मारपीट की घटना हुई है. पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है.
इस बीच कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ 'राजा भैया' की पत्नी भानवी सिंह द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को हजरतगंज कोतवाली में MLC अक्षय प्रताप सिंह सहित चार नामजद लोगों और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. भानवी सिंह ने MLC और उनके साथियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और एक कंपनी पर कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.