गाजियाबाद: सनराइज ग्रीन्स सोसाइटी, इंदीरापुरम में रहने वाले लोगों ने आज अवैध एवं असुरक्षित क्लाउड किचनों के खिलाफ मोर्चा खोला है. उनका कहना है कि इससे आग लगने का खतरा बढ़ गया है. लोगों ने खतरे के विरोध में एक विशाल शांतिपूर्ण मार्च और प्रदर्शन आयोजित किया. इस रैली में 200 से अधिक निवासियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने भाग लिया.
निवासियों ने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति चल रहे ये क्लाउड किचन, जिनमें बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे जाते हैं, सोसाइटी के लिए एक टिक-टिक करती आगजनी का खतरा बन चुके हैं.
पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चार आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे जान-माल को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है. प्रदर्शन के दौरान निवासी उन दुकानों के पास भी पहुँचे, जो हाल ही में आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुकी हैं. इससे यह स्पष्ट हुआ कि यह केवल आशंका नहीं, बल्कि एक वास्तविक और लगातार बढ़ता हुआ संकट है.
निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें और पत्र देने के बावजूद प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर आंखें मूंदे हुए है, जिससे लोगों में भारी रोष और असंतोष है.
- लोगों की पहली मांग है अवैध क्लाउड किचनों को तत्काल बंद किया जाए.
- दूसरी मांग है अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए.
- तीसरी मांग है बेसमेंट एवं आवासीय परिसरों में व्यावसायिक किचन संचालन रोका जाए.
- वहीं चौथी मांग है नियमित निरीक्षण एवं स्पष्ट नियमावली लागू की जाए.
मार्च कर रहे लोगों ने अपनी मांग को दोहराया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य केवल हजारों परिवारों की सुरक्षा और जीवन-स्तर की रक्षा करना है. 'जन-सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए,' सनराइस ग्रींस AOA के अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा. हालांकि इनकी मांग पूरी होगी या नहीं यह तो वक्त ही बताएगा. क्योंकि इसकी वजह से कई लोगों का घर भी चलता है. लेकिन इस बात को भी नकारा नहीं जा सकता है कि आग लगने की कई घटनाओं के बारे में हम अक्सर सुनते रहते हैं. कोई भी काम करें सावधानी के साथ करें ताकी आपका घर भी चलता रहे और किसी की जान भी ना जाएं.