उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली. पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश हुई. मेरठ, बरेली, सहारनपुर और मुरादाबाद समेत कई शहरों में दिन के समय अंधेरा छा गया. तेज हवाओं से पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए.
मंगलवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया. बरेली, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, संभल और मुजफ्फरनगर में तेज धूलभरी आंधी के बाद जोरदार बारिश शुरू हो गई. सुबह आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में दिन जैसा उजाला अंधेरे में बदल गया. लोगों को तेज हवाओं के कारण सड़कों पर चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
बरेली में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने काफी नुकसान किया. सड़क किनारे लगे बड़े यूनीपोल गिर गए और कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर आ गिरीं. इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही.
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 38 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी संभावना है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है. किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं के कारण अगले 24 घंटे तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.