गोरखपुर: गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा सप्ताह के अवसर पर गुरुवार से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होंगे. प्रयागराज के प्रसिद्ध कथाव्यास आचार्य शांतनु श्रद्धालुओं को संगीतमय अंदाज में राम कथा सुनाएंगे. कथा का सीधा प्रसारण यूट्यूब, फेसबुक और एक्स पर भी किया जाएगा.
मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि सनातन परंपरा में गुरु-शिष्य का रिश्ता बहुत पवित्र और गहरा होता है. गोरक्षपीठ इस परंपरा को मजबूती से आगे बढ़ा रही है. इसलिए हर साल गुरु पूर्णिमा को बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है. इसी खुशी में इस बार महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है.
कथा के पहले कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आचार्य शांतनु के साथ साधु-संत, मुख्य यजमान और 151 वेदपाठी विद्यार्थी शामिल होंगे. दोपहर 2:45 बजे मंदिर के गर्भगृह से शंखध्वनि और बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकलेगी. यह यात्रा महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन स्थित कथा मंडप तक जाएगी. इसके बाद राम कथा का औपचारिक शुभारंभ होगा.
योगी कमलनाथ ने कहा कि राम कथा रोजाना दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी. 29 जुलाई को सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक पूर्णाहुति होगी. गुरु पूर्णिमा के दिन मंदिर में विशेष पूजन, आशीर्वचन, भजन-कीर्तन और सहभोज का भी आयोजन किया जाएगा.
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को राम कथा सुनने के लिए आमंत्रित किया है. कथा सुनने के बाद श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण भी कर सकेंगे. आने-जाने के लिए कुछ खास मार्गों पर निशुल्क बस और अन्य व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी भक्त परेशानी महसूस न करें.
आचार्य शांतनु अपनी मधुर वाणी और संगीत के साथ राम कथा को और भी रोचक बनाते हैं. उनकी कथा में रामचरितमानस की शिक्षाएं, भक्ति और नैतिक मूल्यों को सरल भाषा में समझाया जाता है. ऐसे में लाखों भक्तों के कथा सुनने की उम्मीद है. गोरखनाथ मंदिर न सिर्फ आस्था का केंद्र है बल्कि सनातन संस्कृति और गुरु परंपरा का भी प्रतीक है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी इस कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बना रही है.