menu-icon
India Daily

Noida Traffic Alert: दशहरा पर घर से निकलने से पहले जान लें ये जरूरी बात, कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

Noida Traffic Advisory 2026: दशहरा के मौके पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक व्यवस्था बदलने वाली है. रावण दहन, रामलीला और मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रमों को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को लेकर एडवाइजरी जारी की है.

Shilpa Shrivastava
Noida Traffic Alert: दशहरा पर घर से निकलने से पहले जान लें ये जरूरी बात, कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
Courtesy: ChatGPT AI

Noida Traffic Advisory 2026: दशहरा के मौके पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक व्यवस्था बदलने वाली है. रावण दहन, रामलीला और मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रमों को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को लेकर एडवाइजरी जारी की है. 20 अक्टूबर को नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62 रामलीला मैदान, भंगेल के महर्षि आश्रम और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के न्यू आदर्श रामलीला स्थल के आसपास डायवर्जन लागू रहेगा. ऐसे में घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर ले लें.

नोएडा स्टेडियम के आसपास बदलेगा ट्रैफिक:

सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के आसपास 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे. सेक्टर-12, 22 और 56 की तरफ से स्टेडियम चौक जाने वाले किसी की व्हीकल को आगे जाने की परमीशन नहीं दी जाएगी.

इसके अलावा सेक्टर-10 और 21 के यू-टर्न से स्टेडियम की ओर आने वाले वाहनों, सेक्टर-31/25 चौक से मोदी मॉल चौक जाने वाले वाहनों और मेट्रो हॉस्पिटल चौक से एडोब/रिलायंस चौक जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा. जलवायु विहार चौक और सेक्टर-24 के कोस्ट गार्ड तिराहे के आसपास भी यातायात प्रभावित रहेगा.

ये होंगे वैकल्पिक रास्ते:

  • रजनीगंधा चौक से सेक्टर-12/22/56 तिराहे जाने के लिए सेक्टर-10/21 यू-टर्न, जलवायु विहार चौक, निठारी, सेक्टर-31/25 चौक, एनटीपीसी और गिझोड़ का रास्ता अपनाएं.

  • सेक्टर-12/22/56 तिराहे से स्टेडियम चौक जाने के लिए सेक्टर-57 चौक, गिझोड़ चौक और सेक्टर-31/25 चौक से जाएं.

  • सेक्टर-12/22/56 तिराहे से रजनीगंधा चौक जाने के लिए मेट्रो हॉस्पिटल चौक और हरौला/झुंडपुरा चौक वाला रास्ता अपनाएं.

  • स्टेडियम में VIP/VVIP वाहनों के लिए गेट नंबर 7, पार्किंग पास वाले वाहनों के प्रवेश के लिए गेट नंबर 3 और निकास के लिए गेट नंबर 4 निर्धारित किया गया है. सामान्य पार्किंग एडोब कंपनी के पास खाली मैदान में होगी.

सेक्टर-62 और भंगेल में भी ट्रैफिक डायवर्जन:

सेक्टर-62 रामलीला मैदान के पास पुलिस चौकी से वैल्यू बाजार और फोर्टिस जाने वाले वाहन सेक्टर-59 तिराहे, यानी पुराने मामूरा चौक, से होकर जा सकेंगे. वैल्यू बाजार तिराहे से सेक्टर-62 पुलिस चौकी आने वाले वाहनों को भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करना होगा. सी-डैक सी-32 कंपनी और पीएमओ के बीच आने-जाने वाले वाहन सेक्टर-62 पुलिस चौकी चौक से गुजरेंगे.

भंगेल के महर्षि आश्रम के आसपास भी रास्ते बदले जाएंगे. ग्रेट एवेन्यू सोसाइटी तिराहे से आने वाले वाहन बाएं मुड़कर भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे से जा सकेंगे. वहीं, महर्षि आश्रम चौक से ग्रेट एवेन्यू सोसाइटी और सेक्टर-98/100/104 की तरफ जाने वाले वाहनों को दाईं ओर मुड़कर वैकल्पिक रास्ता अपनाना होगा. सेक्टर-110 से आने वाले वाहन भी भंगेल एलिवेटेड तिराहे से होकर जा सकेंगे.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति से गैलेक्सी गोलचक्कर तक रोक:

इकोटेक-12 स्थित न्यू आदर्श रामलीला स्थल पर कार्यक्रम के दौरान एक मूर्ति और गैलेक्सी गोलचक्कर के बीच ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा. एक मूर्ति से आने वाले वाहनों को डी-मार्ट गोलचक्कर से बिसरख, ACE और खैरपुर गोलचक्कर होकर अपनी डेस्टिनेशन तक जाना होगा. डी-मार्ट से गैलेक्सी गोलचक्कर जाने वाले वाहनों को भी यही वैकल्पिक रास्ता अपनाना होगा.

20 और 21 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के लिए भी डायवर्जन:

  • कालिंदी मार्ग के पास यमुना नदी, कुलेसरा और किसान चौक के पास हिंडन नदी पर मूर्ति विसर्जन के कारण जरूरत के मुताबिक सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ट्रैफिक बदला जा सकता है.

  • नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहन चर्खा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल होते हुए डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर जा सकेंगे. सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर जाने वाले वाहन महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल होकर निकल सकेंगे.

  • सूरजपुर से कुलेसरा जाने वाले वाहन कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर और बिसरख होकर जा सकते हैं. फेज-2 से हिंडन नदी जाने वाले वाहन ककराला, सोरखा और बिसरख का रास्ता अपनाएं. किसान चौक और पर्थला के बीच चलने वाले वाहनों को भी बिसरख और सोरखा के रास्ते भेजा जाएगा.

बाजार बंद, एंबुलेंस को मिलेगी अनुमति:

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रभावित सड़कों के किनारे लगने वाले साप्ताहिक बाजार बंद रहेंगे. हालांकि, एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रास्तों की जानकारी लें और प्रतिबंधित सड़कों से बचें. ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.