लखनऊ में रेस्टोरेंट संचालक शिवा शर्मा की रहस्यमय मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है. यूपी एसटीएफ ने नागपुर में कार्रवाई करते हुए श्रद्धा दुबे को पकड़ा है. उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच में नया मोड़ आ गया है.
लखनऊ पुलिस ने श्रद्धा दुबे समेत मामले के अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस के मुताबिक, शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई थी. इस मामले में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर को आरोपी बनाया गया है.
श्रद्धा दुबे के नेपाल भागने की चर्चा भी सामने आई थी. नेपाल में उसके होने की खबरों के बीच अचानक उसका एक इंटरव्यू न्यूज एजेंसी पर सामने आया था. इसके बाद उसके लखनऊ से फरार होने की बात सामने आई. पुलिस ने उसकी तलाश तेज करते हुए अलग-अलग जगहों पर उसकी लोकेशन खंगालनी शुरू की.
जांच के दौरान श्रद्धा दुबे के आगरा के एक होटल में ठहरने की जानकारी भी सामने आई. बताया गया कि वह आगरा के एक होटल में करीब 24 घंटे तक रुकी थी. इस जानकारी के बाद पुलिस ने उसकी संभावित गतिविधियों और आगे की लोकेशन की जांच तेज कर दी.
लखनऊ और वाराणसी एसटीएफ की टीम श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान उसकी लोकेशन नागपुर में मिलने की बात सामने आई. लोकेशन ट्रेस होने के बाद यूपी एसटीएफ ने नागपुर में कार्रवाई की और श्रद्धा दुबे को गिरफ्तार कर लिया.
श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे शिवा शर्मा की मौत से जुड़े कई सवालों पर पूछताछ कर सकती है. खास तौर पर उसकी फरारी, आगरा में रुकने, नेपाल जाने की चर्चा और नागपुर पहुंचने से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी. पुलिस की पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम राज सामने आने की उम्मीद है.