गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) नए शैक्षणिक सत्र के लिए अच्छी खबर लेकर आया है. विश्वविद्यालय सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज में कुल 84 सब्जेक्ट एक्सपर्ट की भर्ती करने जा रहा है. मंगलवार दोपहर 12 बजे जारी नोटिफिकेशन में इसकी जानकारी दी गई.
ये सभी नियुक्तियां प्रति व्याख्यान (पर लेक्चर) के आधार पर होंगी. यानी चयनित उम्मीदवारों को क्लास लेने के हिसाब से भुगतान किया जाएगा. भर्ती के लिए 13 जुलाई से 17 जुलाई तक वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे. इंटरव्यू सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे.
उम्मीदवारों को सभी मूल दस्तावेज जैसे मार्कशीट, डिग्री, अनुभव प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड आदि लेकर तय तारीख पर विश्वविद्यालय पहुंचना होगा.
इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में सबसे ज्यादा भर्ती होनी है. इसमें इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (12), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (10), मैकेनिकल इंजीनियरिंग (5) और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (3) पद शामिल हैं.
इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर एंड नेचुरल साइंसेज में 10 पद.
बीए एलएलबी में 5 पद.
जनसंचार एवं पत्रकारिता में 4 पद.
इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में 2 पद.
ललित कला एवं संगीत विभाग में 2 पद.
इसके अलावा होटल मैनेजमेंट, एमबीए/बीबीए, इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, इंडस्ट्रियल माइक्रोबायोलॉजी, पर्यावरण विज्ञान, एक्वाकल्चर साइंस और संगीत जैसे कई अन्य विषयों में भी एक्सपर्ट्स की नियुक्ति की जाएगी. यह भर्ती नए सत्र में छात्रों को बेहतर शिक्षा देने और कोर्सेज को मजबूत बनाने के लिए की जा रही है. विश्वविद्यालय के सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज में योग्य और अनुभवी शिक्षकों की कमी दूर करने में यह भर्ती मददगार साबित होगी.
जो उम्मीदवार इन विषयों में पोस्ट ग्रेजुएट या पीएचडी कर चुके हैं और पढ़ाने का अनुभव रखते हैं, वे इस मौके का फायदा उठा सकते हैं. वॉक-इन इंटरव्यू होने के कारण जल्दी आवेदन करने की जरूरत नहीं है, लेकिन इंटरव्यू की तारीख चेक करके समय पर पहुंचना बहुत जरूरी है.
डीडीयू के इस कदम से स्थानीय युवा शिक्षकों को अच्छा अवसर मिल रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे आधिकारिक नोटिफिकेशन अच्छे से पढ़ लें और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें.