menu-icon
India Daily

'अमिताभ बच्चन को बुलेट प्रूफ ग्लास के पीछे खड़ा होना पड़ता है', आदित्य ठाकरे ने मुंबई की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

आदित्य ठाकरे ने कहा कि पहले जब प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर जाते थे तब वे बुलेट प्रूफ ग्लास के पीछे खड़े होते थे, लेकिन आज अभिनेताओं को ऐसा करना पड़ रहा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'अमिताभ बच्चन को बुलेट प्रूफ ग्लास के पीछे खड़ा होना पड़ता है', आदित्य ठाकरे ने मुंबई की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
Courtesy: X

गैंगस्टरों और माफियाओं से बॉलीवुड सितारों को लगातार मिल रहीं धमकियों को लेकर शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र की सरकार पर जोरदार हमला बोला है और राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि आज मुंबई जैसे शहर में हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है. उन्होंने राज्य की फडणवीस सरकार पर पुलिस को ठीक से काम न करने देने का भी आरोप लगाया.

आदित्य ठाकरे ने कहा कि जब हमारी सरकार आई तो हमने गैंगवार को खत्म कर दिया था...आज अभिनेता अमिताभ बच्चन बुलेट प्रूफ ग्लास के पीछे खड़े हो रहे हैं. शिवसेना यूबीटी नेता ने कहा कि पहले जब प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर जाते थे तब वे बुलेट प्रूफ ग्लास के पीछे खड़े होते थे, लेकिन आज अभिनेताओं को ऐसा करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि अगर मुंबई पुलिस को ठीक से अपना काम करने दिया जाए तो ऐसा कुछ नहीं होगा. ठाकरे ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को प्रदर्शनकारियों के पीछे लगा रखा है.

बॉलीवुड सितारों में फैला खौफ

बता दें कि हाल-फिलहाल में बॉलीवुड के कई सितारों को गैंगस्टरों और माफियाओं से जान से मारने की धमकी मिली हैं. सलमान खान लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं. अप्रैल 2024 में उनके बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी.

टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला

अक्टूबर 2026 में जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली थी. अभिनेता सैफ अली खान को भी धमकी भरा एक वॉयस मैसेज मिला था. इस वॉयस मैसेज में सैफ का बाबा सिद्दीकी जैसा हाल करने की बात कही गई है.

बुलेट प्रूफ ग्लास में सामने आए बिग बी

लगातार मिल रही धमकियों से बॉलीवुड में डर का माहौल पैदा हो गया है. यही वजह है कि हाल ही में महानायक अमिताभ बच्चन बुलेट प्रूफ ग्लास की सुरक्षा में अपने फैंस से रूबरू हुए थे.