menu-icon
India Daily

मथुरा में बरसाना में लठमार होली की तैयारियां तेज, रंगों में डूबने लगा पूरा ब्रज

कथा के अनुसार, नंदगांव के कृष्ण अपने सखाओं के साथ बरसाना आकर राधा और उनकी सखियों से होली खेलते थे. उसी परंपरा को आज भी जीवंत रखा गया है। यहां की हुरियारनें नंदगांव के हुरियारों पर प्रेमपूर्वक लाठियां बरसाती हैं.

Anuj
Edited By: Anuj
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
मथुरा में बरसाना में लठमार होली की तैयारियां तेज, रंगों में डूबने लगा पूरा ब्रज

मथुरा: ब्रज में होली की उमंग अब धीरे-धीरे चरम की ओर बढ़ने लगी है. खासकर बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लठमार होली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक इस अनोखे उत्सव को देखने और इसमें शामिल होने के लिए बरसाना पहुंचने लगे हैं.

मान्यता है कि इस अद्भुत लठमार होली की छटा देखने के लिए देवता भी लालायित रहते हैं. बरसाना की लठमार होली की परंपरा सदियों पुरानी है, जिसका संबंध राधा-कृष्ण की लीलाओं से जुड़ा माना जाता है.

अद्भुत दृश्य को देखने आते हैं हजारों लोग

कथा के अनुसार, नंदगांव के कृष्ण अपने सखाओं के साथ बरसाना आकर राधा और उनकी सखियों से होली खेलते थे. उसी परंपरा को आज भी जीवंत रखा गया है। यहां की हुरियारनें नंदगांव के हुरियारों पर प्रेमपूर्वक लाठियां बरसाती हैं और हुरियारे ढाल लेकर उनका सामना करते हैं. इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए हजारों लोग रंगीली गली में जुटते हैं.

रंगों से सराबोर हो जाती है हर गली

लठमार होली के दौरान बरसाना की हर गली रंगों से सराबोर हो जाती है. रंगीली गली में जब गुलाल उड़ता है और ढोल-नगाड़ों की थाप गूंजती है तो ऐसा प्रतीत होता है मानो द्वापर युग साकार हो उठा हो. ग्वालिनें और ग्वाले राधा-कृष्ण का स्वरूप माने जाते हैं और पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से भर जाता है.

बरसाना को सजाने-संवारने का काम शुरू

होली से पहले ही बरसाना को सजाने-संवारने का काम शुरू हो गया है. मंदिरों और प्रमुख मार्गों को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है. स्थानीय चित्रकार दीवारों पर राधा-कृष्ण की लीलाओं को जीवंत रूप दे रहे हैं. गलियों की रंगाई-पुताई की जा रही है ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को ब्रज की सांस्कृतिक छटा का साक्षात अनुभव हो सके.

होली को लेकर उत्साहित व्यापारी वर्ग

व्यापारी वर्ग भी होली को लेकर उत्साहित है. बाजारों में अबीर-गुलाल, पिचकारी, पारंपरिक वेशभूषा और मिठाइयों की दुकानों पर रौनक बढ़ने लगी है. होटल और धर्मशालाओं में बुकिंग शुरू हो चुकी है. प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुट गया है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

वृंदावन में होली को लेकर उत्साह

ब्रज क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थानों नंदगांव और वृंदावन में भी होली को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन बरसाना की लठमार होली का महत्व सबसे अलग है. यहां की परंपरा, लोकगीत, रसिया और प्रेमपूर्ण हंसी-ठिठोली इस उत्सव को अनूठा बना देती है.

हर घर में होली की तैयारियां शुरू

ब्रजवासियों के हर घर में होली की तैयारियां शुरू हो गई हैं. महिलाएं पारंपरिक व्यंजन बनाने में जुट गई हैं तो युवा होली के गीतों की रिहर्सल कर रहे हैं. पूरा ब्रज रंग, भक्ति और उल्लास के संग होली के स्वागत के लिए तैयार नजर आ रहा है. आने वाले दिनों में यह उत्साह और भी बढ़ेगा और बरसाना एक बार फिर रंगों और प्रेम की अनूठी मिसाल पेश करेगा.
 

Topics