menu-icon
India Daily

मथुरा में दर्दनाक हादसा, नहर में गिरी कार; दो लॉ स्टूडेंट समेत चार युवकों की मौत

मथुरा में एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार दोस्तों की मौत हो गई. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी.

Shilpa Shrivastava
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
मथुरा में दर्दनाक हादसा, नहर में गिरी कार; दो लॉ स्टूडेंट समेत चार युवकों की मौत
Courtesy: India Daily Live

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी. हादसा मगोर्रा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां अंधेरे के बीच कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा. मृतकों में दो युवक विधि (लॉ) के छात्र बताए जा रहे हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात एक फ्रांक्स कार (UP85 CV 9856) महावन से गोवर्धन होते हुए बाईपास मार्ग से डीग की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक मोड़ आने के कारण चालक आगे का रास्ता ठीक से नहीं देख पाया. तेज रफ्तार के चलते वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे नहर में जा गिरी. नहर में गिरते समय तेज ‘छपाक’ की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को हादसे की आशंका हुई.

क्रेन की मदद से निकाली गई कार:

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मगोर्रा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. रात का अंधेरा और नहर का गहरापन रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना रहा. फायर ब्रिगेड कर्मियों और पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया. क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया. जब तक वाहन को बाहर लाया गया, तब तक उसमें सवार चारों युवकों की मौत हो चुकी थी.

इन युवकों की हुई मौत:

मृतकों की पहचान राहुल (23 वर्ष), अमित (22 वर्ष), मोहित और एक अन्य युवक के रूप में हुई है. अमित और मोहित लॉ की पढ़ाई कर रहे थे, जबकि राहुल सिलाई का काम करता था. बताया जा रहा है कि कार राहुल वर्मा के एडवोकेट भाई सज्जन सिंह की थी. चारों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. परिवारों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, घरों में कोहराम मच गया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव:

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात का अंधेरा प्रतीत हो रहा है. हालांकि, अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय चालक की स्थिति क्या थी और वाहन की गति कितनी थी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां मोड़ काफी खतरनाक है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से उस स्थान पर पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. चार युवाओं की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हादसे के हर पहलू को खंगाला जा रहा है.