लखनऊ: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश के छोटे भाई प्रतीक यादव की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है. मौत के बाद ऐसी खबरें सामने आ रही थी कि उनके शरीर पर नीले रंग के निशान देखे गए हैं, जिससे उनकी मौत को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे थे. लेकिन इन तमाम बातों पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने विराम लगा दिया है.
प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें उनकी मौत की वजह बड़े पैमाने पर हुए पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म को बताया गया है. डॉक्टरों के अनुसार फेफड़ों की नस में खून का थक्का जमने से कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हुआ और इसकी वजह से दिल ने काम करना बंद कर दिया और फिर सांस रुक गई. पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने मामले की गहराई से जांच के लिए हार्ट और लंग्स के सैंपल सुरक्षित रख लिए और विसरा को रासायनिक विश्लेषण के लिए भेजा गया है ताकि मौत के स्पष्ट कारणों का सही से पता लगाया जा सके.
पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म (Pulmonary Thromboembolism - PE) फेफड़ों की धमनियों में रक्त का थक्का फंसने की एक गंभीर स्थिति है. यह आमतौर पर पैरों की नसों में बने थक्के के टूटकर फेफड़ों तक पहुँचने से होता है, जिससे ऑक्सीजन का प्रवाह रुक जाता है. इसके प्रमुख लक्षणों में अचानक सांस फूलना, सीने में तेज दर्द और खांसी शामिल हैं.
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शरीर पर मिले सभी चोट के निशान मृत्यु से पहले के थे. अब जांच एजेंसियां मेडिकल रिपोर्ट और रासायनिक विश्लेषण के आधार पर पूरे मामले की आगे जांच कर रही हैं. बता दें कि आज सुबह उन्हें अचानक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कई तरह की अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है.