menu-icon
India Daily

‘तेरे हिस्से के मच्छर मुझे काटते हैं…’ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में मच्छरदानी पर विवाद, आपस में भिड़े दो छात्र

गाजीपुर के छात्र ने शिकायत की कि मच्छरदानी लगाने के बाद कमरे के सारे मच्छर उसकी तरफ आ रहे हैं और उसे ज्यादा काट रहे हैं. उसने यह भी कहा कि मच्छरदानी की वजह से कमरे में लगे कूलर की ठंडी हवा उसके बिस्तर तक ठीक से नहीं पहुंच पा रही है. 

antima
Edited By: Antima Pal
‘तेरे हिस्से के मच्छर मुझे काटते हैं…’ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में मच्छरदानी पर विवाद, आपस में भिड़े दो छात्र
Courtesy: AI

AMU Hostel Fight: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एसएस नॉर्थ हॉल में मच्छरदानी लगाने को लेकर दो छात्रों के बीच तीखा विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ गया कि दोनों छात्रों के बीच मारपीट तक हो गई. एक छात्र ने आरोप लगाया कि मच्छरदानी लगाने से उसके हिस्से के मच्छर उसे ज्यादा काट रहे हैं और कूलर की हवा भी रुक रही है. दोनों छात्रों ने प्रॉक्टर कार्यालय में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. प्रॉक्टर ऑफिस इस मामले की जांच कर रहा है.

क्या था पूरा मामला?

एसएस नॉर्थ हॉल के एक कमरे में दो छात्र रहते हैं. इनमें से एक छात्र कश्मीर का रहने वाला है, जबकि दूसरा छात्र उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से है. गर्मी और मच्छरों से परेशान कश्मीरी छात्र ने अपने बिस्तर पर मच्छरदानी लगा ली. शुरुआत में उसके रूममेट को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन कुछ दिनों बाद समस्या शुरू हो गई.

गाजीपुर के छात्र ने शिकायत की कि मच्छरदानी लगाने के बाद कमरे के सारे मच्छर उसकी तरफ आ रहे हैं और उसे ज्यादा काट रहे हैं. उसने यह भी कहा कि मच्छरदानी की वजह से कमरे में लगे कूलर की ठंडी हवा उसके बिस्तर तक ठीक से नहीं पहुंच पा रही है. 

छात्र ने कहा- 'तेरे हिस्से के मच्छर मुझे काटते हैं…' इसी बात को लेकर पहले दोनों में बहस हुई. बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि दोनों छात्रों के बीच हाथापाई हो गई.

प्रॉक्टर ऑफिस पहुंचा मामला

मारपीट के बाद दोनों छात्र प्रॉक्टर कार्यालय पहुंचे. कश्मीरी छात्र ने अपनी शिकायत में कहा कि वह मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी लगाया था, लेकिन उसके रूममेट ने इस पर आपत्ति जताई और मारपीट की. वहीं गाजीपुर के छात्र ने कहा कि मच्छरदानी पूरे कमरे की व्यवस्था बिगाड़ रही है और उसे परेशानी हो रही है. प्रॉक्टर कार्यालय ने दोनों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश कर रहा है.