US Israel Iran War

ई-मेल से शुरू हुआ प्यार...स्कूल की दोस्ती से शादी तक ऐसी थी अपर्णा और प्रतीक की दिलचस्प लव स्टोरी

अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की प्रेम कहानी स्कूल से शुरू हुई और ई-मेल के जरिए आगे बढ़ी. करीब 10 साल रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने 2011 में शादी की थी. चलिए जानते हैं पूरी प्रेम कहानी.

@sonunigamji95 and @NationSpeax4j x account
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे लेकिन एक ही कैंपस में होने के बावजूद उन्होंने कभी एक-दूसरे से बात नहीं की और न ही कभी मिले. फिर एक दिन एक पार्टी में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उन्होंने एक-दूसरे की ईमेल ID ले लीं. 

करीब 2001 में दोनों के बीच ईमेल के ज़रिए बातचीत शुरू हुई. शुरुआत में अपर्णा रोज़ अपने ईमेल चेक नहीं करती थीं लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने प्रतीक के मैसेज का जवाब देना शुरू कर दिया. यहीं से उनके प्यार की असली शुरुआत हुई.

कितने साल चला प्रेम कहानी?

अपर्णा और प्रतीक यादव की प्रेम कहानी करीब दस साल तक चली. इसके बाद उन्होंने अपने-अपने परिवारों को इस बारे में बताया, जिसके बाद 4 दिसंबर 2011 को उनकी शादी हो गई. इस जोड़े के दो बच्चे हैं. प्रतीक को फिटनेस और रियल एस्टेट सेक्टर में गहरी दिलचस्पी है, जबकि अपर्णा राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय हैं.


कहां से और कैसे हुई शादी?

एक जाने-माने राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने की वजह से अपर्णा और प्रतीक यादव की शादी बड़े ही शानदार तरीके से मनाई गई. SP सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ में एक भव्य समारोह का आयोजन किया, जिसमें अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और अनिल अंबानी जैसे कई VVIP शामिल हुए. लखनऊ के अलावा सैफई में भी शादी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए.

राजनीति में कैसे आईं अपर्णा?

अपर्णा यादव की राजनीति में दिलचस्पी को देखते हुए मुलायम सिंह यादव ने 2017 में पहली बार उन्हें चुनाव मैदान में उतारा और समाजवादी पार्टी (SP) की तरफ से लखनऊ कैंट सीट से चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया. हालांकि उन्हें BJP की रीता बहुगुणा जोशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके कुछ ही समय बाद अपर्णा का राजनीतिक झुकाव BJP की तरफ होने लगा. 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले उन्होंने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं. 

तब से लेकर अब तक वह BJP की सदस्य बनी हुई हैं. इसके अलावा हाल ही में एक खास मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था, जिसके बाद प्रतीक यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट किया जो देखते ही देखते वायरल हो गया. बाद में दोनों ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक गलतफहमी थी.