IPL 2026 US Israel Iran War

पड़ोसी की तरक्की से चिढ़ा पूर्व प्रधान और उसका बेटा, सरकारी नौकरी लगते ही युवक के सिर में मारी गोली

मुरादाबाद के मझोला में रेलवे लोको पायलट के पद पर चयनित युवक अशोक सागर को पड़ोसी पूर्व प्रधान और उसके बेटे ने रंजिश में गोली मार दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घायल युवक अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

मुरादाबाद: यूपी के जनपद मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उत्तम पुर बहलोलपुर में शनिवार की शाम एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. गांव के ही एक होनहार युवक अशोक सागर का चयन भारतीय रेलवे में लोको पायलट के पद पर हुआ था. घर में खुशियों का माहौल था और आगामी 20 अप्रैल से उसे ट्रेनिंग पर जाना था. लेकिन यह कामयाबी पड़ोस में रहने वाले पूर्व प्रधान कर्मवीर और उसके बेटे रोहित को रास नहीं आ रही थी. रंजिश और जलन की आग में झुलस रहे पिता-पुत्र ने अशोक को रास्ते से हटाने की खूनी साजिश रच डाली.

शनिवार शाम करीब सात बजे, जब अशोक कुमार गांव में ही जीवन सिंह के मकान के पास खड़ा था, तभी घात लगाकर बैठे आरोपी रोहित और उसके पिता कर्मवीर वहां आ धमके. आरोप है कि बिना कुछ सोचे-समझे रोहित ने तमंचे से अशोक के सिर को निशाना बनाकर गोली दाग दी. गोली अशोक के कान के पास लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. फायरिंग की गूंज सुनकर अशोक के पिता सोमपाल सिंह, जो पीआरडी में कार्यरत हैं, और उनके अन्य दो बेटे शिव कुमार व लवकुश मौके पर दौड़े. परिजनों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में घायल अशोक को कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

समझौते की कोशिशें रहीं नाकाम 

इस खूनी रंजिश की जड़ें कुछ महीने पुरानी हैं. परिजनों के अनुसार, जब से अशोक का रेलवे में चयन हुआ था, आरोपी आए दिन विवाद कर रहे थे. करीब दो माह पहले भी आरोपियों ने अशोक के घर जाकर गाली-गलौज और मारपीट की थी. उस समय गाँव के जिम्मेदार लोगों ने बीच-बचाव कर समझौता करा दिया था. एक माह पूर्व भी ऐसी ही हरकत की गई, लेकिन आरोपियों ने दोबारा गलती न करने की बात कहकर पुलिसिया कार्रवाई से बचते रहे. अगर समय रहते सख्त कदम उठाए जाते, तो शायद आज यह नौबत न आती.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित और उसके पिता पूर्व प्रधान कर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. बता दें कि घायल अशोक भाजपा नेता किशन लाल जाटव के रिश्ते में भतीजे लगते हैं, जिसके चलते प्रशासन मामले पर कड़ी नजर रखे हुए है.