झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी इलाके में एक नवजात बच्ची के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया. महज 15 दिन पहले एक नन्हीं जान को दुनिया में लाने वाली मोनिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर के बाथरूम में पाया गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
मूल रूप से जालौन के कोंच की रहने वाली मोनिका का विवाह जून 2025 में झांसी के हंसारी निवासी संदीप के साथ बड़े ही अरमानों के साथ हुआ था. मोनिका के भाई अमन ने बताया कि परिवार ने अपनी क्षमता से बढ़कर शादी में 10 लाख रुपये से अधिक खर्च किए थे. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही खुशियों को दहेज लोभियों की नजर लग गई. आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से लगातार बुलेट बाइक और सोने की चेन की मांग की जा रही थी. अमन का दावा है कि बाइक के लिए पैसे पहले ही दिए जा चुके थे, फिर भी उसकी बहन के साथ मारपीट की जाती थी और उसे घर से भी निकाल दिया गया था.
मृतका के भाई ने बताया कि शुक्रवार की शाम तक सब कुछ सामान्य लग रहा था. मोनिका ने फोन पर अपनी मां से बात की थी और कहा था कि वह ठीक है. लेकिन शनिवार सुबह एक फोन कॉल ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी. पति संदीप ने फोन कर बताया कि मोनिका बेहोश हो गई है और उसे अस्पताल ले जा रहे हैं. जब तक परिजन झांसी पहुंचे, तब तक मोनिका दम तोड़ चुकी थी.
दूसरी ओर, मोनिका की सास का कहना है कि बहू नहाने के लिए बाथरूम गई थी. काफी देर तक जब नवजात बच्ची रोती रही और वह बाहर नहीं आई, तब उन्होंने जाकर देखा. उन्हें उसे निजी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
हालांकि, पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाई है. प्रेमनगर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. मायके पक्ष की तहरीर और संगीन आरोपों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए पति संदीप और उसकी मां (मोनिका की सास) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.