menu-icon
India Daily

बरेली में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे टैंकर से जा टकराई बोलेरो, 8 की मौत, कई घायल

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक दिन पहले भी इसी स्थान पर टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी. वही टैंकर घटना के बाद से सड़क किनारे खड़ा था. अगर उसे समय पर हटा दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बरेली में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे टैंकर से जा टकराई बोलेरो, 8 की मौत, कई घायल
Courtesy: x

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया. तेज रफ्तार और लापरवाही का यह मामला उस समय सामने आया जब एक बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.

हादसे का भयावह मंजर

यह हादसा सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो तेज रफ्तार में थी जिसपर से चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया. जिसके बाद गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

गाड़ी को काटकर बाहर निकाले शव

हादसे के बाद बोलेरो में फंसे लोगों को निकालना बेहद कठिन था. गाड़ी पूरी तरह पिचक चुकी थी, जिसे काटकर शव और घायलों को बाहर निकाला गया. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य किया. घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. कुछ की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो के टकराने के बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी उससे जा भिड़ी. इससे हादसे की स्थिति और भयावह हो गई. घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया.

एक दिन पहले भी हुआ था हादसा

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक दिन पहले भी इसी स्थान पर टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी. वही टैंकर घटना के बाद से सड़क किनारे खड़ा था. अगर उसे समय पर हटा दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था. लोगों ने इसे बड़ी लापरवाही करार दिया है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतकों और घायलों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि हादसे के सही कारण सामने आ सकें. प्रशासन ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने के संकेत दिए हैं.