menu-icon
India Daily

वृंदावन में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 664 किलो दूषित पेड़ा नष्ट; 7 नमूने जांच को भेजे गए

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा. 664 किलो दूषित पेड़ा नष्ट किया गया और जांच के लिए 7 नमूने लिए गए. अभियान श्रद्धालुओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया.

KanhaiyaaZee
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
वृंदावन में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 664 किलो दूषित पेड़ा नष्ट; 7 नमूने जांच को भेजे गए
Courtesy: Social Media

मथुरा: जनपद में श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर सोमवार को वृंदावन क्षेत्र, खासकर श्री बांके बिहारी मंदिर के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया गया.

7 नमूने जांच के लिए भेजे

अभियान के दौरान मंदिर के आसपास स्थित पेड़ा विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा ने विभिन्न दुकानों से पेड़ा के 3 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए. वहीं विद्यापीठ चौराहा स्थित दुकानों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों धर्मेंद्र, रामनरेश और मोहर सिंह की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पेड़ा के 3 और मिल्क केक का 1 नमूना लिया. इस तरह कुल 7 खाद्य नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है.

पहले भी भेजे जा चुके हैं 12 नमूने

विभाग के अनुसार, इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि मार्च 2026 के दौरान अब तक बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र से 12 पेड़ा के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिससे साफ है कि विभाग इस मामले में लगातार सख्ती बरत रहा है.

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा पाया गया. इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने करीब 664 किलोग्राम दूषित पेड़ा मौके पर ही नष्ट करा दिया. इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया.

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.