menu-icon
India Daily

नोएडा रियल एस्टेट में जेवर एयरपोर्ट लाया तूफान, कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग 75% बढ़ी; 5 गुना हुआ निवेशकों का पैसा

जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही नोएडा रियल एस्टेट में तूफान आ गया है...

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
नोएडा रियल एस्टेट में जेवर एयरपोर्ट लाया तूफान, कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग 75% बढ़ी; 5 गुना हुआ निवेशकों का पैसा
Courtesy: X

जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट बाजार में जबरदस्त बूम आ गया है. इस मेगा एविएशन हब ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रॉपर्टी बाजार की तस्वीर पूरी तरह से बदल दी है. आलम यह है कि उद्घाटन के महज 15 दिनों के भीतर ही प्रॉपर्टी खरीदने वालों की पूछताछ में भारी उछाल दर्ज किया गया है, जिससे यह पूरा बेल्ट निवेशकों की पहली पसंद बन गया है.

कमर्शियल और रेसिडेंशियल डिमांड में बंपर उछाल

बाजार के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट के चालू होते ही कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग में 75 फीसदी और रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी की पूछताछ में 56 फीसदी का शानदार उछाल आया है. डेवलपर्स का कहना है कि विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और शानदार कनेक्टिविटी के कारण लोगों और कॉर्पोरेट जगत का भरोसा इस इलाके पर तेजी से बढ़ा है.

यमुना एक्सप्रेसवे पर 500% से ज्यादा का रिटर्न

एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेवर एयरपोर्ट के आसपास के माइक्रो-मार्केट्स ने निवेशकों को छप्पर फाड़ रिटर्न दिया है. सबसे ज्यादा फायदा यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास के इलाकों को हुआ है:

प्लॉट्स की कीमतों में आग: यमुना एक्सप्रेसवे पर प्लॉट्स की कीमतों में ऐतिहासिक 536% की वृद्धि दर्ज की गई है.

अपार्टमेंट्स भी महंगे: फ्लैट्स और अपार्टमेंट की कीमतों में 158% का उछाल आया है.

आसमान पर जमीन के भाव: कुल मिलाकर जमीन की कीमतों में 5 से 6 गुना और रिहायशी प्रॉपर्टी में 2 से 2.5 गुना तक की तेजी देखी गई है.

ये इलाके बने नए हॉटस्पॉट

इस मेगा प्रोजेक्ट का सबसे ज्यादा फायदा YEIDA के सेक्टर्स, नोएडा सेक्टर 150, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और डेल्टा-जीटा जोन को मिल रहा है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि एविएशन इंडस्ट्री, लॉजिस्टिक्स पार्क, डेटा सेंटर और प्रस्तावित फिल्म सिटी के कारण अगले एक साल में यहां प्लॉट्स की कीमतों में 20% और फ्लैट्स में 25% तक की और बढ़ोतरी हो सकती है.

क्या कहते हैं रियल एस्टेट एक्सपर्ट्स?

सीबीआरई और एयू रियल एस्टेट जैसे बड़े कंसल्टेंट्स का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट एनसीआर के आर्थिक भूगोल के लिए एक गेम-चेंजर साबित हुआ है. इस विकास का असर सिर्फ नोएडा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अलीगढ़, खुर्जा और बुलंदशहर जैसे नजदीकी शहरों तक भी फैलेगा. लगातार बढ़ते संस्थागत निवेश ने नोएडा को एक भरोसेमंद और ग्लोबल निवेश केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है.