menu-icon
India Daily

अयोध्या के राम मंदिर से 800 मीटर दूर चल रहे महायज्ञ में लगी भीषण आग, कई मंत्री व विधायक थे मौजूद

दोपहर के समय अचानक पंडाल से धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही पलों में आग की लपटों में बदल गया. देखते ही देखते आग ने पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया.

Anuj
Edited By: Anuj
अयोध्या के राम मंदिर से 800 मीटर दूर चल रहे महायज्ञ में लगी भीषण आग, कई मंत्री व विधायक थे मौजूद

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या के माझा जमथरा क्षेत्र में सरयू तट किनारे शनिवार दोपहर एक महायज्ञ स्थल पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग तेजी से फैलती देख मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है.

महायज्ञ में लगी भीषण आग

जानकारी के मुताबिक, सरयू किनारे बाटी बाबा स्थान के पास एक धार्मिक आयोजन के तहत भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया था. यह आयोजन जीयर स्वामी के नेतृत्व में चल रहा था. यज्ञ के लिए बांस, लकड़ी, घास-फूस और कपड़ों से एक बड़ा पंडाल तैयार किया गया था. शुक्रवार को यज्ञ का समापन हो चुका था और शनिवार को अन्य धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित थे. 

मौके पर मची अफरातफरी 

दोपहर के समय अचानक पंडाल से धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही पलों में आग की लपटों में बदल गया. देखते ही देखते आग ने पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे.

आग पर पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय फायर टीम सक्रिय हो गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया. इस दौरान प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया. 

घटनास्थल पर पहुंचे परिवहन मंत्री

प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंडल आयुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.