लखनऊ: राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके में स्थित जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही आसमान में घने काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आग खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और वहां मौजूद कैंटीन में लगी बताई जा रही है. सुबह के समय होने की वजह से इमारत में काम कर रहे कर्मचारी और अन्य लोग तुरंत बाहर निकल आए. किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि की खबर अभी तक नहीं आई है.
जैसे ही आग की सूचना मिली, दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने का लगातार प्रयास कर रही हैं. पानी की तेज धार से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है. इमारत के ऊपरी हिस्से से निकलता धुआं अभी भी दिख रहा है.
प्रशासन ने इलाके को घेर लिया है. सुरक्षा के लिहाज से आसपास आने-जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. जवाहर भवन सरकारी दफ्तरों का बड़ा केंद्र है, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी रहती है.
अभी तक आग लगने का सटीक कारण पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट या किचन में किसी गलती से आग लगी हो सकती है. आग बुझने के बाद कारणों की जांच की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे के आसपास उन्होंने अचानक धुआं उठता देखा. एक कर्मचारी ने बताया- 'हम लोग काम कर रहे थे कि अचानक धुआं भरने लगा. सबने तुरंत बाहर भागना शुरू कर दिया. कोई घायल नहीं हुआ, ये बड़ी राहत की बात है.'
मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की तुरंत जानकारी दी गई है। उन्होंने स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
जवाहर भवन लखनऊ का महत्वपूर्ण सरकारी भवन है. यहां कई विभागों के कार्यालय हैं. आग की इस घटना ने एक बार फिर पुरानी इमारतों में सुरक्षा उपकरणों और विद्युत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है. दमकल अधिकारी लगातार पानी छोड़ रहे हैं. कुछ हिस्सों में आग अभी भी सुलग रही है. उम्मीद है कि दोपहर तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएगी.