लखनऊ: देश में स्वच्छ हवा के मामले में लखनऊ ने सबसे आगे बढ़कर बड़ा नाम कमाया है. स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान मिला है. राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत शहर को रैंक-1 का सम्मान और 1 करोड़ 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया.
यह उपलब्धि स्वच्छ वायु दिवस के मौके पर नई दिल्ली के इंदिरा पर्यावरण भवन स्थित गंगा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में घोषित की गई. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ को नेशनल लेवल बेस्ट परफॉर्मिंग सिटीज में सबसे ऊपर रखा गया.
इसी मौके पर लखनऊ नगर निगम के जोन-4 के वार्ड नंबर 70 ने भी गौरव हासिल किया. 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में इस वार्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ वार्ड चुना गया. वार्ड-70 को भी रैंक-1 का खिताब और 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला.
पुरस्कार ग्रहण करने के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान मंच पर मौजूद रहे.
यह सम्मान राष्ट्रीय हरित अधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदान किया.
लखनऊ को यह रैंक वायु प्रदूषण कम करने के निरंतर प्रयासों के कारण मिली है. नगर निगम ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया, सड़कों की धूल नियंत्रित की, कचरे का वैज्ञानिक निपटान किया, हरियाली बढ़ाई और यातायात व्यवस्था सुधारी. इन कदमों से शहर की हवा साफ हुई और वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ.