menu-icon
India Daily

बागपत में बड़ा सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलटी; 4 की मौत

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. श्रद्धालुओं से भरी एक बस ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई.

Shilpa Shrivastava
बागपत में बड़ा सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलटी; 4 की मौत
Courtesy: ANI X

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. श्रद्धालुओं से भरी एक बस ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, बस राजस्थान के बांगड़ से लौट रही थी और यात्रियों को लेकर बदायूं की तरफ जा रही थी. हादसा बड़ागांव कट के पास हुआ.

डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी बस:

बागपत के पुलिस अधीक्षक कुमार राय के मुताबिक हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ. पुलिस को 112 इमरजेंसी सेवा के जरिए दुर्घटना की जानकारी मिली. बताया गया कि बस में करीब 32 लोग सवार थे. अचानक बस डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं. सूचना मिलते ही पुलिस की चार PRV गाड़ियां, एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल:

हादसे के बाद पुलिस और बचाव टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और जिला अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े मेडिकल सेंटर में रेफर किया गया है. प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है. बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने भी हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था और कई लोगों को चोटें आई हैं.

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी:

बस पलटने के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का काम शुरू किया. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस डिवाइडर से कैसे टकराई और दुर्घटना के पीछे क्या वजह थी.