FIFA World Cup 2026

कौशांबी टोल प्लाजा पर LPG टैंकर में भीषण विस्फोट, 4 लोगों की मौत; CCTV फुटेज वायरल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 26 जून को सुबह करीब 6:40 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. LPG (तरल पेट्रोलियम गैस) से भरा एक टैंकर टोल प्लाजा में अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया और भयंकर विस्फोट हो गया.

X
Shilpa Srivastava

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 26 जून को सुबह करीब 6:40 बजे एक बड़ा हादसा हुआ था. LPG (तरल पेट्रोलियम गैस) से भरा एक टैंकर टोल प्लाजा में अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया और भयंकर विस्फोट हो गया. इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. 

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दो टैंकर टोल प्लाजा की ओर आ रहे थे. अचानक एक टैंकर डिवाइडर से टकराया और टोल प्लाजा में घुस गया. इससे गैस लीक हुई और जोरदार धमाका हो गया. धमाके की आग इतनी तेज थी कि दो किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थी. पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया. बता दें कि टैंकर कानपुर से वाराणसी जा रहा था. 


हादसे में 4 लोगों की मौत:

टैंकर ड्राइवर 40 वर्षीय धर्मेंद्र दुबे और टोल कर्मचारी आलोक मौके पर ही मारे गए. वहीं, घायल दो अन्य कर्मचारियों हीरामणि सिंह (रायबरेली) और कृष्णपाल मौर्य (ललितपुर) की अस्पताल में मौत हो गई. दो अन्य टोल कर्मचारियों का इलाज चल रहा है. उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. इलाके को घेर लिया गया है. एक तकनीकी टीम हादसे की जांच कर रही है.

पुलिस ने की कार्रवाई:

कोखराज पुलिस स्टेशन के SHO चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पूरी घटना की जांच चल रही है. पुलिस ने कहा कि जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.