लखनऊ: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है. एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद 14 जुलाई से टोल वसूली शुरू कर दी जाएगी. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं. बिना वार्षिक फास्टैग पास वाले वाहन चालकों को निर्धारित टोल शुल्क देना होगा, जबकि वार्षिक फास्टैग पास रखने वालों को काफी कम राशि में यात्रा की सुविधा मिलेगी.
एनएचएआई के अनुसार कार, जीप और वैन से पूरे एक्सप्रेसवे की एकल यात्रा के लिए 275 रुपये टोल देना होगा. यदि कोई वाहन 24 घंटे के भीतर वापसी करता है तो उसे 415 रुपये चुकाने होंगे. वहीं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वार्षिक पास योजना के तहत फास्टैग पास रखने वाले वाहन चालक लगभग 15 रुपये प्रति ट्रिप के खर्च पर यात्रा कर सकेंगे. यह सुविधा नियमित रूप से यात्रा करने वालों के लिए काफी लाभदायक मानी जा रही है.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 13 जुलाई को प्रस्तावित है, जबकि 14 जुलाई से टोल वसूली शुरू होगी. एनएचएआई शुरुआत के दो से तीन महीने तक स्वयं टोल संचालन करेगा. इसके बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या और यातायात का आकलन करने के बाद टोल संचालन के लिए टेंडर जारी किया जाएगा.
करीब 63 किलोमीटर लंबे इस छह लेन एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 4700 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. एनएचएआई का कहना है कि यह एक्सप्रेसवे यात्रा को पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगा. भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे आठ लेन तक भी विस्तारित किया जा सकेगा.
अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर शिवपुरा (खांडेदेव), बनी, अमरसास और आजाद चौक सहित कई टोल प्लाजा होंगे. यदि कोई वाहन बीच के किसी स्थान से एक्सप्रेसवे पर चढ़ता या उतरता है तो उसे पूरी दूरी का टोल नहीं देना होगा. दूरी के अनुसार टोल शुल्क तय किया जाएगा. सभी टोल प्लाजा आधुनिक तकनीक से लैस होंगे, जहां स्कैनर वाहन के पहुंचने से पहले ही फास्टैग पढ़ लेगा और बिना रुके टोल कट जाएगा.
एनएचएआई ने अन्य वाहनों के लिए भी नई टोल दरें तय की हैं. हल्के वाणिज्यिक वाहनों के लिए एकल यात्रा का टोल 445 रुपये, बस और ट्रक के लिए 935 रुपये तथा मल्टी एक्सल वाणिज्यिक वाहनों के लिए 1020 रुपये निर्धारित किया गया है. एनएचएआई का दावा है कि यह एक्सप्रेसवे लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय कम करेगा और दोनों शहरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा.