कांवड़ यात्रा के चलते 5 दिन बदलेगा पूरा रूट, इस हाईवे पर वाहनों की एंट्री बंद; करें चेक
कांवड़ यात्रा को देखते हुए बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर शुक्रवार शाम 4 बजे से 11 अगस्त रात 8 बजे तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा. प्रशासन ने विभिन्न जिलों के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं.
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. शुक्रवार शाम 4 बजे से 11 अगस्त रात 8 बजे तक इस मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा. इस दौरान गोरखपुर, लखनऊ, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से यात्रा से पहले नए रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की अपील की है.
इन वाहनों के लिए रहेगा विशेष प्रबंध
प्रशासन के अनुसार, रोडवेज बसों, एंबुलेंस, कांवड़ यात्रियों के वाहनों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का संचालन जरूरत के अनुसार कराया जाएगा. डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया कि अलग-अलग जिलों के वाहनों के लिए अलग रूट तय किए गए हैं, जबकि जरूरी सामान की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी.
गोरखपुर और लखनऊ के बीच बदला रूट
गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को फुटहिया से कलवारी, टांडा होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा. वहीं लखनऊ से गोरखपुर आने वाले वाहन अयोध्या, सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते टांडा और कलवारी होकर बस्ती पहुंचेंगे.
Also Read
सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के लिए अलग मार्ग
सिद्धार्थनगर से आने वाले वाहन डुमरियागंज, उतरौला और गोंडा होते हुए लखनऊ की ओर जाएंगे. वहीं संतकबीरनगर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को कांटे, मुंडेरवा, लालगंज और अंबेडकरनगर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया गया है.
शहर के भीतर भी बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी के अनुसार, बस्ती शहर में 11 स्थानों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. ट्रैफिक को नियंत्रित रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरीकेडिंग की गई है और पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है.
भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद
कांवड़ मार्ग और डायवर्जन क्षेत्र में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा. हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है.
यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे सफर शुरू करने से पहले ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर लें. इससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी.