जौनपुर में एक बार फिर बेंगलुरू के मशहूर एआई इंजीनियर अतुल सुभाष जैसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहा कसेरी बाजार के रहने वाले 26 वर्षीय रमन सेठ ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों के मानसिक टॉर्चर से तंग आकर अपनी जान दे दी. आत्मघाती कदम उठाने से पहले रमन ने एक वीडियो बनाया जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी, सास, साले और साली को जिम्मेदार ठहराया. पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
रमन के पिता महेश सेठ के अनुसार यह खौफनाक घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है. रमन ने पहले अपने हाथ की नस काटी और फिर जहर पी लिया. इस पूरी घटना के दौरान रमन का 7 साल का मासूम बेटा शिवा उसके सामने ही मौजूद था. मौत को गले लगाने से पहले रमन ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल भी किया था और कई लोगों को अपना दर्द बयां करने वाला वीडियो शेयर किया था. पिता का आरोप है कि रमन काफी समय से ससुराल वालों की प्रताड़ना झेल रहा था जिसके कारण वह गहरे तनाव में था.
रमन का विवाह करीब आठ साल पहले भदोही की रहने वाली पूजा से हुआ था और उनके चार बच्चे हैं. पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे. पूजा अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी जबकि एक बेटा रमन के साथ रहता था. रमन के परिजनों ने बताया कि पिछले तीन साल से ससुराल पक्ष के लोग रमन पर पैसों के लिए लगातार दबाव बना रहे थे. इतना ही नहीं पत्नी ने भदोही में रमन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज कराया था जिससे वह बेहद परेशान था.
इस मामले पर सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि रमन सेठ के सुसाइड वीडियो को सबूत मानते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना ने दिसंबर 2024 के उस चर्चित अतुल सुभाष सुसाइड केस की यादें ताजा कर दी हैं जिसमें एक इंजीनियर ने अपनी जौनपुर की ससुराल वालों से तंग आकर 24 पन्नों का सुसाइड नोट और वीडियो छोड़ते हुए जान दे दी थी.