चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार रात खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर रोमांच देखने को मिला. चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में आखिरकार बाजी सीएसके के हाथ लगी. 204 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने चार गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस हार के बाद लखनऊ प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई हैं.
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत जोरदार रहीं. जोश इंग्लिस ने आते ही चेन्नई के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. उन्होंने मिचेल मार्श के साथ पहले विकेट के लिए तेज साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. शाहबाज अहमद की नाबाद पारी ने लखनऊ को 203 रन तक पहुंचा दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी का इरादा दिखाया. संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए तेज रन जोड़े. इसके बाद उर्विल पटेल क्रीज पर उतरे. उन्होंने आते ही लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर धुनाई शुरू कर दी. उर्विल ने महज 13 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर आईपीएल इतिहास के सबसे तेज फिफ्टी रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और आक्रामकता साफ दिखाई दी. 23 गेंदों में 63 रन की पारी के दौरान उन्होंने 8 छक्के और 2 चौके लगाए.
उर्विल और ऋतुराज के आउट होने के बाद चेन्नई की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई. लखनऊ के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की. डेवाल्ड ब्रेविस और कार्तिक शर्मा भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. एक समय ऐसा लगा कि मैच आखिरी ओवर तक खिंच जाएगा लेकिन शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए जरूरी रन जुटाए. दोनों बल्लेबाजों ने बिना घबराए स्ट्राइक रोटेट की और खराब गेंदों पर बाउंड्री लगाकर टीम को जीत तक पहुंचा दिया.
इस हार के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स की स्थिति अंक तालिका में काफी कमजोर हो गई है. टीम ने इस सीजन कई मुकाबलों में अच्छी शुरुआत के बावजूद मैच गंवाए हैं. इसके साथ ही लखनऊ का सफर इस आईपीएल में खत्म हो गया है.